बिहार बोर्ड 10वीं-12वीं सेंट-अप परीक्षा का शेड्यूल जारी, फेल या एब्सेंट हुए तो नहीं दे पाएंगे 2027 का फाइनल एग्जाम
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2027 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन परीक्षाओं ...और पढ़ें

इंटर की सेंटअप परीक्षा 19 से तो मैट्रिक की 23 से (AI Generated Image)
HighLights
इंटरमीडिएट सेंट-अप परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर तक
मैट्रिक सेंट-अप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर तक
सेंट-अप में अनुत्तीर्ण होने पर वार्षिक परीक्षा से वंचित
जागरण संवाददाता, सिवान। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने 2027 की इंटरमीडिएट और मैट्रिक वार्षिक परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सेंट-अप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, इंटरमीडिएट की सेंट-अप परीक्षा 19 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। वहीं, इसकी प्रायोगिक परीक्षा 30 नवंबर से दो दिसंबर तक होगी।
दूसरी ओर, मैट्रिक की सेंट-अप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर तक निर्धारित की गई है। मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित होगी।
समिति ने सभी संबंधित विद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा संचालित कराने का निर्देश दिया है।
सेंट-अप परीक्षा को वार्षिक परीक्षा में शामिल होने की अनिवार्य प्रक्रिया माना गया है। इसमें शामिल होकर सफल होना विद्यार्थियों के लिए जरूरी होगा।
समिति ने स्पष्ट किया है कि सेंट-अप परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले अथवा अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को 2027 की वार्षिक परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
ऐसे में विद्यार्थियों को परीक्षा को गंभीरता से लेने की जरूरत है। वहीं, पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल और समुन्नत श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंट-अप परीक्षा से छूट दी गई है।
इन श्रेणियों के विद्यार्थियों को इस परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं होगी। सेंट-अप परीक्षा के कार्यक्रम की घोषणा के बाद विद्यालयों में इसकी तैयारी शुरू होने की उम्मीद है।
विद्यालय प्रबंधन को समय पर परीक्षा आयोजित कराने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति और परीक्षा परिणाम से संबंधित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। विद्यार्थियों को भी निर्धारित तिथि के अनुसार परीक्षा की तैयारी में जुट जाने की सलाह दी गई है।