नगर पंचायत में शुरू हुआ विशेष सफाई अभियान
सिवान : मैरवा नगर पंचायत में शनिवार को विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ। इस अभियान के तहत सभी वार्डों को प
सिवान : मैरवा नगर पंचायत में शनिवार को विशेष सफाई अभियान शुरू हुआ। इस अभियान के तहत सभी वार्डों को पूरी तरह कूड़ा कचरा मुक्त करने का लक्ष्य है। कई वार्डों से यह शिकायत मिल रही थी कि नगर पंचायत के सफाई कर्मियों के द्वारा सिर्फ सड़क पर झाड़ू लगाया जाता है और कूड़ेदान का कूड़ा तथा डोर टू डोर कूड़ा उठाया जाता है। इसके अलावा कुछ कुछ ऐसी जगह जहां कूड़े का अंबार है ध्यान नहीं दिया जाता है। इन्हीं शिकायत को ध्यान में रखकर नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान शुरू किया गया। स्वच्छता अभियान मे सफाई कर्मियों के साथ ही नगर पंचायत के अधिकारी और वार्ड पार्षद भी शामिल हुए। शनिवार को मिस्करही वार्ड संख्या सात और आठ तथा मैरवा धाम वार्ड 11 में विशेष सफाई की गई। मिस्करही दुर्गा मंदिर के निकट खेत में बड़े पैमाने पर बिखरे कूड़े को सफाई कर्मियों से साफ कराया गया। इस अभियान में वार्ड सात और आठ के वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सीमा गुप्ता और नगर प्रबंधक मो. शफी अहमद, कैसर इमाम, मो. इजहार ने वार्ड के लोगों से मिल कर अपने वार्ड को साफ सुथरा रखने में नगर पंचायत का सहयोग करने की अपील की। इसके बाद मैरवा धाम वार्ड संख्या 11 में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस वार्ड की पार्षद सुभावती देवी नगर पंचायत की मुख्य पार्षद भी हैं। उनके निर्देशन में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उनके साथ सुनील कुमार मद्धेशिया भी थे। नगर प्रबंधक मो. शफी अहमद ने बताया कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलता रहेगा, ताकि नगर पंचायत को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके।