तीन बच्चों के साथ महिला ने नदी में लगा दी छलांग, खुद बच गई, बच्चों की मौत
घर में हुए विवाद के बाद एक मां अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली और आत्महत्या करने के लिए बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने मां को बचा लिया लेकिन बच्चे डूब गए।
सिवान [जेएनएन]। घरवालों से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ तो महिला अपने तीन बच्चों के साथ घर से निकली और सरयू नदी में छलांग लगा दी। उसे नदी में कूदते देख स्थानीय लोग उसकी तरफ दौड़े और बचाने के लिए नदी में कूदे। लोगों ने महिला को तो बचा लिया लेकिन तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
घटना सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के टोका नारायणपुर स्लूईस गेट के पास की है जहां मंगलवार की देर शाम एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ सरयू नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। नदी में कूदते हुए देख स्थानीय लोग उसकी तरफ दौड़े और उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बच्चों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा तो लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
महिला गांव के विनय चौहान की पत्नी बताई जाती है। वहीं बच्चों में एक पुत्र युवराज (12) एवं दो बेटी क्रमश : 8 वर्ष एवं 10 वर्ष की बताई जाती हैं जो नदी में डूब गईं। इधर घटना के बाद स्लूईस गेट पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ गई।
सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय थानाध्यक्ष जयनारायण राम दलबल के साथ पहुंच गए और बच्चों की तलाश में जुट गए। इधर गांव वालों ने बताया कि महिला मानसिक रूप से दिव्यांग है। उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।