सीतामढ़ी में नहाने गई थीं दोनों बहनें, छोटी डूबी तो बचाने उतरी बड़ी, दोनों की मौत
Bihar Drowning News : सीतामढ़ी के सरवरपुर गांव में नयकी पोखर में नहाने के दौरान दो बहनों की डूबने से ...और पढ़ें

रौनक खातून व लाडली खातून। सौ.स्वजन
HighLights
सीतामढ़ी के सरवरपुर गांव में दुखद हादसा।
नयकी पोखर में नहाते समय दो बहनें डूबीं।
छोटी बहन को बचाने में बड़ी बहन भी डूबी।
संवाद सहयोगी, सोनबरसा (सीतामढ़ी)। Two Sisters Drowned : शुक्रवार की दोपहर सरवरपुर गांव के नयकी पोखर में एक साथ दो बहनों की जिंदगी का दुखद अंत हो गया। नहाने के दौरान छोटी बहन गहरे पानी में चली गई।
उसे बचाने के लिए बड़ी बहन भी पानी में उतर गई। देखते ही देखते दोनों बहनें डूब गईं। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
छोटी बहन को डूबता देख बचाने उतरी बड़ी बहन
भुतही थाना क्षेत्र के सरवरपुर गांव में शुक्रवार दोपहर लाडली खातून (14) और उसकी छोटी बहन रौनक खातून (11) नयकी पोखर में नहाने गई थीं।
बताया गया कि नहाने के दौरान रौनक का पैर अचानक फिसल गया। वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। छोटी बहन को डूबता देखकर लाडली उसे बचाने के लिए पानी में उतर गई। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी संभल नहीं सकी।
ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद निकाला
दोनों बहनों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण पोखर के पास जुट गए। ग्रामीणों ने पानी में उतरकर दोनों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान पंचायत कचोर निवासी गुलाम गौस अंसारी की पुत्री लाडली खातून और रौनक खातून के रूप में हुई।
घर में मचा कोहराम
एक साथ दो बेटियों की मौत की खबर मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के लोग भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
पुलिस ने की आवश्यक कार्रवाई
ग्रामीण तनवीर आलम ने घटना की सूचना भुतही थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जानकारी ली और शवों के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई।
हालांकि स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर दोनों शव स्वजन को सौंप दिए।
यह भी पढ़ें- बिहार में चलती जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सांप का फन और यात्रियों से वसूली, छह सपेरे गिरफ्त में
