विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में चलती जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में सांप का फन और यात्रियों से वसूली, छह सपेरे गिरफ्त में

By Gopal TiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Fri, 02 Oct 2026 05:27 PM (IST)

RPF Action : जनसेवा एक्सप्रेस में यात्रियों को सांप दिखाकर डराकर पैसे ऐंठने वाले छह सपेरों को आरपीएफ ने दिघवारा ...और पढ़ें

सांप के साथ पुलिस की गिरफ्त में सपेरे।

सांप के साथ पुलिस की गिरफ्त में सपेरे।

गोपाल तिवारी, मुजफ्फरपुर। चलती ट्रेन में सांप का फन दिखाकर यात्रियों को डराना और फिर इसी खौफ के सहारे रुपये ऐंठना छह सपेरों को भारी पड़ गया। जनसेवा एक्सप्रेस के साधारण कोच में सांप लेकर यात्रियों के बीच घूम रहे छह लोगों को आरपीएफ ने पकड़ लिया।

यात्रियों से रुपये मांगने की सूचना रेल मदद के माध्यम से मिलने के बाद आरपीएफ ने कार्रवाई की। सभी छह को दिघवारा स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर हिरासत में लिया गया। अब वन विभाग के समन्वय से उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

छपरा से खुलते ही शुरू हुई जांच

मामला शुक्रवार को गाड़ी संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस का है। रेल मदद पर सूचना मिलने के बाद आरपीएफ सोनपुर आउट पोस्ट दिघवारा के उप निरीक्षक शमशेर कुमार और सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार ट्रेन की निगरानी कर रहे थे। छपरा से ट्रेन के रवाना होने के बाद साधारण कोचों की जांच की गई। इसी दौरान छह लोग यात्रियों के बीच सांप लेकर घूमते और उन्हें दिखाकर रुपये मांगते मिले।

यात्रियों के बीच फन फैलाकर मांग रहे थे रुपये

सांप लेकर यात्रियों के बीच घूमने और उन्हें दिखाकर रुपये मांगने की गतिविधि को आरपीएफ ने गंभीरता से लिया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी छह लोगों को निगरानी में ले लिया। इसके बाद ट्रेन के दिघवारा स्टेशन पहुंचने का इंतजार किया गया।

दिघवारा में थमा वसूली का खेल

ट्रेन के दिघवारा स्टेशन पहुंचते ही आरपीएफ ने सभी छह को नीचे उतार लिया। ड्यूटी पर तैनात बल सदस्यों की मदद से उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में छहों अपने नाम-पते के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके। किसी ने लखनऊ तो किसी ने हिमाचल प्रदेश का निवासी होने की बात बताई। उनके बताए पते और पहचान का सत्यापन कराया जा रहा है।

वन विभाग भी करेगा सांपों की जांच

मामले में रेलवे ने वन विभाग से भी संपर्क किया है। बरामद सांपों और उन्हें ट्रेन में लेकर घूमने के संबंध में वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों की जांच की जा रही है। संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।

रेल मदद पर दें सूचना

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर रुपये मांगने वालों को पैसे न दें। ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल रेल मदद के माध्यम से सूचना दें। रेलवे के अनुसार, समय पर सूचना मिलने से ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा सकती है।

यह भी पढ़ें- दरभंगा में हजार-दो हजार रुपये के लिए दांव पर लगा रहे भविष्य, भू-माफिया के मोहरे बन रहे किशोर-युवा