यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीतामढ़ी में रफ्तार के कहर ने पांच साल के मासूम की जान ली, भारी हंगामा, घंटों शहर जाम
नौसिखुए बाइकर्स के रोमांच के आगे पांच साल का एक हंसता-खेलता मासूम मौत का शिकार हो गया। पुनौरा थाना क्षेत्र ...और पढ़ें

सीतामढ़ी । नौसिखुए बाइकर्स के रोमांच के आगे पांच साल का एक हंसता-खेलता मासूम मौत का शिकार हो गया। पुनौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरा-गौशाला पथ के मधुबन गांव स्थित मस्जिद के समीप शनिवार सुबह तकरीबन साढ़े दस बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। ट्रिपल लोडिग हाई स्पीड बाइक की ठोकर से स्थानीय जुल्फेकार अंसारी के पुत्र अयान अंसारी की मौके पर मौत हो गई। बच्चे को कुचलने के साथ ही बाइक सवार तीनों रईशजादे भाग निकले। उधर, बीच सड़क पर नौनिहाल खून से लथपथ मृत पड़ा था। हादसे के चश्मदीदों ने तीनों लड़कों का पीछा किया। बाइक (बीआर 30एसी/ 8488) समेत बसुश्री चौक से पकड़ भी लिया गया। वहीं पकड़कर एक घर में तीनों को लोगों ने बंद कर दिया। आक्रोशित स्वजन बंदी बनाए गए तीनों युवकों को पुलिस को सौंपने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। मधुबन में सीतामढ़ी-गौशाला मार्ग करीब दो घंटे तक सड़क जाम रही। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि तेज गति आ रही बाइक ने मासूम की साइड में जाकर कुचल दिया। इधर, घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आगजनी कर सड़क को पूर्णत: जाम कर दिया। ऐसे बाइकर्स के खिलाफ मुहिम चलाकर शिकंजा कसने व मृतक के स्वजन को तत्काल मुआवजे की मांग करने लगे। भारी आक्रोश के कारण पुलिस व प्रशासन को काफी जद्दोजहद करना पड़ा। लोगों का कहना था कि कुछ माह पूर्व इसी स्थान पर ट्रक पलटने से चार लोगों की मौत हो गई थी। जिला प्रशासन द्वारा मदद का आश्वासन दिया गया। मगर कुछ हासिल नहीं हो पाया। नगर थाना, डुमरा और पुनौरा थाने की पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची हुई थी। आक्रोशितों को समझाने-बुझाने के तमाम प्रयास किए। एसडीओ राकेश कुमार व एसडीपीओ रमाकांत उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे। उन लोगों ने भी काफी पहल की। एसडीओ सदर ने आश्वस्त किया कि सरकार के प्रावधान के अनुसार, जो भी सहायता राशि होगी वह जरूर दिलाई जाएगी। वैसे पांच लाख रुपये तक देने का नियम है।
