सीतामढ़ी की बेटी वैष्णवी ने बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक, राष्ट्रीय स्तर पर दिखाएगी जौहर
Bihar State Judo Championship 2026: पुपरी, सीतामढ़ी की वैष्णवी रमन ने बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता है। ...और पढ़ें

वैष्णवी ने 57 प्लस किलोग्राम वजन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम किया है। (AI Generated Image)
HighLights
वैष्णवी रमन ने बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप में कांस्य जीता।
57+ किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किया।
राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए बिहार टीम में चयन।
संवाद सहयोगी, पुपरी (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Vaishnavi Raman Judo: जिले के पुपरी की बेटी और मेधावी जूडो खिलाड़ी वैष्णवी रमन ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
राजधानी पटना के मान्या रिसोर्ट में 17 से 18 अक्टूबर तक आयोजित बिहार राज्य जूडो चैंपियनशिप 2026-27 के सब-जूनियर आयुवर्ग में वैष्णवी ने 57 प्लस किलोग्राम वजन वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से पुपरी और पूरे सीतामढ़ी जिले का मान बढ़ गया है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
उल्लेखनीय है कि वैष्णवी का चयन पहले ही राजस्थान के बीकानेर में आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के लिए बिहार जूडो टीम में हो चुका है।
राज्य स्तर पर पदक जीतने के बाद अब वह राष्ट्रीय पटल पर बिहार का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

शिक्षक परिवार से ताल्लुक
संत माइकल हाईस्कूल, पटना में आठवीं कक्षा की छात्रा वैष्णवी अपनी पढ़ाई के साथ-साथ पटना में ही रहकर जूडो का कठोर प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रही हैं।
उनके पिता रमन कुमार एएन कॉलेज, पटना में शारीरिक शिक्षा के सहायक प्राध्यापक हैं, जबकि उनकी माता अनुराधा कुमारी क्राइस्ट चर्च डाइओसन स्कूल, पटना में शिक्षिका हैं।
एक शैक्षणिक और अनुशासित परिवार से आने वाली वैष्णवी की इस सफलता पर उनके परिजनों में भी खुशी का माहौल है।
वैष्णवी की इस शानदार उपलब्धि पर राजबाग युवा संस्थान, पुपरी के संस्थापक अतुल कुमार, मो. शाकीर हुसैन, मो. सईद, नागेश्वर कुमार, अनुभव कुमार कर्ण, लखिन्द्र कुमार ठाकुर, विकाश कुमार, निलेश कुमार कर्ण और प्रितम कुमार राजा समेत कई गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई दी है।
