सीतामढ़ी के उसरैना में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, जांच में जुटी पुलिस
सीतामढ़ी के उसरैना गांव में रविवार को एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम ...और पढ़ें

प्रीति का मायका नेपाल के महोत्तरी जिले के गौशाला बाजार थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में है।
HighLights
नवविवाहिता प्रीति कुमारी का शव फंदे से लटका मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।
एफएसएल टीम घटनास्थल की जांच करेगी, पुलिस जांच जारी।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Married Woman Death: बेला थाना क्षेत्र के उसरैना गांव में रविवार दोपहर एक नवविवाहिता का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया।
छह माह पहले हुई शादी
मृतका की पहचान नवीन पाल की 20 वर्षीय पत्नी प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके मायके वालों को सूचना देकर बुलाया है, हालांकि उनकी ओर से फिलहाल कोई बयान सामने नहीं आया है। प्रीति का मायका नेपाल के महोत्तरी जिले के गौशाला बाजार थाना क्षेत्र के शिवनगर गांव में है।
जानकारी के अनुसार, करीब छह माह पूर्व प्रीति की शादी उसरैना निवासी नवीन पाल से हुई थी। फिलहाल नवीन और उसका बड़ा भाई लुधियाना में रहकर सिलाई का काम करते हैं। घर में प्रीति के अलावा उसकी जेठानी और सास रहती हैं।
जेठानी ने देखा शव
प्रीति की जेठानी वीणा देवी ने बताया कि रविवार दोपहर वह सास को खाना देने सरेह में गई थी। लौटने पर उसने देखा कि प्रीति घर के अंदर बरेरी में दुपट्टे से बनाए फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद उसने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
वीणा देवी के अनुसार, प्रीति अपने पति को पसंद नहीं करती थी। इस कारण वह पति से ठीक से बात भी नहीं करती थी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।
एफएसएल टीम करेगी जांच
प्रभारी थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और बिसरा सुरक्षित रखने के लिए कहा गया है। घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मायके वालों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
