सीतामढ़ी में राजमिस्त्री और मजदूर की दम घुटने से मौत, टंकी का सेटरिंग खोलने के दौरान घटना
Sitamarhi Toilet Tank Accident: सीतामढ़ी के मुजौलिया गांव में एक नवनिर्मित मकान की शौचालय टंकी का सेंटरिंग खोलते समय राजमिस्त्री ...और पढ़ें

टंकी के पास खड़े मजदूर राजेश महतो ने उन्हें बेहोश होते देखा तो बचाने के लिए टंकी में उतर गए। अंदर पहुंचते ही राजेश महतो भी बेहोश हो गए।
HighLights
सीतामढ़ी में शौचालय टंकी में दम घुटने से दो की मौत।
राजमिस्त्री सुरेंद्र दास और मजदूर राजेश महतो ने गंवाई जान।
टंकी का सेंटरिंग खोलते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
संवाद सहयोगी, परिहार (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Toilet Tank Accident: बेला थाना क्षेत्र के मुजौलिया गांव में सोमवार को नवनिर्मित मकान की शौचालय टंकी का सेंटरिंग खोलने उतरे राजमिस्त्री और मजदूर की दम घुटने से मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना क्षेत्र के बसंत बिशनपुर गांव निवासी राजमिस्त्री सुरेंद्र दास (लगभग 50 वर्ष) और सीतामढ़ी के बेला थाना क्षेत्र के धनहा गांव निवासी मजदूर राजेश महतो (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
सुरेंद्र दास महेन्द्र दास के पुत्र थे, जबकि राजेश महतो राज किशोर महतो के पुत्र थे।
टंकी में बेहोश हुए दोनों
जानकारी के अनुसार, राजमिस्त्री सुरेंद्र दास पिछले दो-तीन वर्षों से मुजौलिया गांव में किराये का मकान लेकर रहते थे और ठेका लेकर मकान निर्माण का काम करते थे।
इन दिनों मुजौलिया गांव निवासी गौरीशंकर सिंह के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार अपराह्न सुरेंद्र दास शौचालय की टंकी का सेंटरिंग खोलने के लिए उसके अंदर उतरे।
नीचे पहुंचते ही सुरेंद्र दास बेहोश हो गए। टंकी के पास खड़े मजदूर राजेश महतो ने उन्हें बेहोश होते देखा तो बचाने के लिए टंकी में उतर गए। अंदर पहुंचते ही राजेश महतो भी बेहोश हो गए।
दीवार तोड़कर निकाला बाहर
दोनों को बेहोश देखकर पास मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची।
काफी मशक्कत के बाद शौचालय की टंकी की साइड की दीवार तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया है। मामले में पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- सीतामढ़ी में जिउतिया स्नान के दौरान तालाब में डूबी युवती, मां की आंखों के सामने हुआ हादसा
