विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी में पढ़ाई के लिए कर रही थी नौकरी, मॉल में मिली छात्रा की लाश

By Anil tiwariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 26 Jul 2026 06:16 PM (IST)

सीतामढ़ी के श्री धोली सती मॉल में एक बीए छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई, जिसकी पहचान श्यामा ...और पढ़ें

छात्रा की मौत की सूचना पर रोती बिलखती मां और घटना स्थल पर जुटी भीड़।

छात्रा की मौत की सूचना पर रोती बिलखती मां और घटना स्थल पर जुटी भीड़।

HighLights

  1. मृतका की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के मुसहरी गांव निवासी श्यामा कुमारी के रूप में हुई

  2. मां ने मैनेजर व मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। मेहसौल थाना क्षेत्र के शांतिनगर स्थित श्री धोली सती मॉल में रविवार को एक युवती का शव मिलने से पूरे शहर में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मृतका की पहचान परसौनी थाना क्षेत्र के मुसहरी गांव निवासी 21 वर्षीय श्यामा कुमारी के रूप में हुई है। वह बीए की छात्रा थी और पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए मॉल में काम करती थी। घटना के बाद परिजनों ने मॉल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पढ़ाई के साथ करती थी नौकरी

पुलिस के अनुसार श्यामा कुमारी अपनी मां प्रतिमा देवी के साथ सीतामढ़ी शहर में किराये के मकान में रहती थी। वह बीए की पढ़ाई कर रही थी और आर्थिक रूप से परिवार का सहयोग करने के लिए श्री धोली सती मॉल में कार्यरत थी। रविवार को मॉल परिसर में उसका शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की मां प्रतिमा देवी ने मॉल के मैनेजर और मालिक पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए।

पुलिस की कार्यशैली पर भी उठे सवाल

परिजनों का आरोप है कि जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, उस समय मॉल खुला हुआ था। इसके बावजूद मॉल के मैनेजर और मालिक वहां से चले गए और पुलिस ने उन्हें तत्काल हिरासत में नहीं लिया। इसे लेकर परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मिलीभगत की आशंका भी जताई।

साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मेहसौल थानाध्यक्ष मोहम्मद असदुल्लाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। वहीं, जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।