सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना हाजत में बंद नेपाली युवक की मौत, एसकेएमसीएच में दो घंटे चला इलाज
सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना हाजत में बंद नेपाल के एक युवक नूर हसन नदाफ की इलाज के दौरान मुजफ्फरपुर के ...और पढ़ें

HighLights
नेपाली युवक नूर हसन नदाफ की हिरासत में मौत।
सोनबरसा थाना हाजत में तबीयत बिगड़ने पर रेफर।
एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर में इलाज के दौरान निधन।
केशव कुमार, मुजफ्फरपुर। Sitamarhi Police Custody Death: सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना हाजत में बंद नेपाल के एक युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान नेपाल के महोत्तरी जिले के गौशाला रामनगर निवासी 21 वर्षीय नूर हसन नदाफ के रूप में हुई है। पुलिस अभिरक्षा में हुई इस मौत के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
युवक को पहले स्थानीय पीएचसी, फिर सदर अस्पताल और वहां से मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (एसकेएमसीएच) रेफर किया गया था।
एसकेएमसीएच में भर्ती होने के करीब दो घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने 11 नवंबर को नूर हसन नदाफ को प्रतिबंधित कफ सिरप और नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया था।
आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद एसएसबी ने उसे सोनबरसा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने उसे थाना हाजत में बंद रखा था।
बताया जाता है कि हाजत में रहने के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले गए।
सदर अस्पताल और फिर एसकेएमसीएच रेफर
पीएचसी में युवक की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सीतामढ़ी सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर स्थित एसकेएमसीएच भेज दिया।
पुलिस अभिरक्षा में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन करीब दो घंटे के इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर एसकेएमसीएच ओपी पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान सोनबरसा थाने के चौकीदार रामकेवल राय का फर्द बयान दर्ज किया गया।
पुलिस अभिरक्षा में मौत के मामलों से जुड़े निर्धारित प्रावधानों के तहत दंडाधिकारी की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड ने शव का पोस्टमार्टम किया।
पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।