इलाज और आक्सीजन के इंतजार में महिला की मौत का आरोप, सीतामढ़ी सदर अस्पताल में हंगामा
सीतामढ़ी सदर अस्पताल में इलाज के लिए आई एक महिला की कथित तौर पर ऑक्सीजन और समय पर उपचार न ...और पढ़ें

स्वजन का आरोप है कि गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड पहुंचने के बावजूद महिला को समय पर आक्सीजन और इलाज नहीं मिल सका। फाइल फोटो
HighLights
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत।
परिजनों ने ऑक्सीजन और उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया।
अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Sadar Hospital Death: सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंची एक महिला की मौत के बाद स्वजन ने जमकर हंगामा किया।
स्वजन का आरोप है कि गंभीर हालत में इमरजेंसी वार्ड पहुंचने के बावजूद महिला को समय पर आक्सीजन और इलाज नहीं मिल सका, जिससे उसकी जान चली गई। मृतका की पहचान नगर थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी रमसून देवी के रूप में हुई है।
पर्ची कटाने को कहा
स्वजन के अनुसार, महिला की हालत गंभीर थी और उसे तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर उन्हें ओपीडी की पर्ची कटवाकर लाइन में लगने को कहा गया। इसी दौरान महिला की मौत हो गई, जिसके बाद स्वजन का आक्रोश फूट पड़ा।
इलाज में लापरवाही का आरोप
महिला की मौत के बाद स्वजन ने अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि गंभीर मरीज को समय पर आक्सीजन और उपचार उपलब्ध नहीं कराया गया। इसी कथित लापरवाही को लेकर उन्होंने अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
जांच के बाद कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डा. जेड जावेद आपातकालीन वार्ड पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, महिला की मौत के संबंध में स्वजन की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
