सीतामढ़ी में जिस प्यार के लिए घर छोड़ा, उसी प्रेम विवाह के दो माह बाद मिली मौत
Sitamarhi murder case : रुन्नीसैदपुर के बहराम नगर में एक 20 वर्षीय युवक राजेश कुमार का शव पेड़ से लटका ...और पढ़ें

युवक की फाइल फोटो व घटना स्थल पर जुटी स्थानीय लोगों की भीड़।
HighLights
रुन्नीसैदपुर में 20 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिला।
परिजनों ने प्रेम विवाह के कारण हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।
देवेंद्र सिंह, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के बहराम नगर गांव के समीप चौर में रविवार को पेड़ से लटकता 20 वर्षीय एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक की पहचान बहराम नगर वार्ड संख्या -06 निवासी स्व.श्रीचंद महतो के पुत्र राजेश कुमार के रूप में हुई।
वह शनिवार की सुबह से लापता था। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना बाद मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
घटना की जानकारी मिलते हीं मौके पर पहुंचे मृतक के स्वजन ने इसे सीधे तौर पर हत्या करार दिया। स्वजन के अनुसार राजेश शनिवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे कुछ सामान खरीदने के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। उसके लापता होने पर उसकी मां रिंकी देवी ने शनिवार की शाम स्थानीय थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मृतक की मां रिंकी देवी के अनुसार राजेश ने करीब दो माह पूर्व अगस्त महीने में गांव के हीं कंचनपुर टोला निवासी सुरेश महतो की पुत्री तनीषा कुमारी से उसके मां-बाप की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया था।
विवाह के बाद दोनों दिल्ली चले गए थे। एक सप्ताह पूर्व 12 अक्टूबर को दोनों दिल्ली से घर आए थे। स्वजन का दावा है कि घर लौटने के बाद लड़की पक्ष की ओर से फोन पर राजेश को धमकी दी गई थी।
स्वजन का कहना है कि प्रेम विवाह से नाराज़ लड़की पक्ष ने राजेश को अगवा कराया तथा हत्या कर उसे पेड़ से लटका दिया गया है। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर हीं मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
