Sitamarhi News: वृद्ध महिला को ठोकर मारकर भागने के दौरान स्कार्पियो ने तीन मासूमों को कुचला, एक की मौत
हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई दो को गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्कार्पियो की ठोकर से दो बच्चे दूर जा गिरे। एक बच्चा स्कार्पियो में फंस गया।
सीतामढ़ी,जागरण संवाददाता। नानपुर थाना क्षेत्र के बहेड़ा जाहिदपुर पोखर के समीप बेलगाम स्कार्पियो ने एक मासूम और महिला समेत तीन लोगों को कुचल दिया। जिससे मासूम की मौत हो गई, जबकि अन्य दो गंभीर रूप से जख्मी हो गए। तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने वृद्ध महिला को ठोकर मारकर भागने के दौरान सड़क किनारे खड़े तीन बच्चों को ठोकर मार दी।
हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, दो को गंभीर हालत में मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कार्पियो की ठोकर से दो बच्चे दूर जा गिरे। एक बच्चा स्कार्पियो में फंस गया। घटना की जानकारी होते ही थानाध्यक्ष राकेश रंजन, सअनि राकेश झा सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
घायलों को अस्पताल में किया गया भर्ती
गंभीर रूप से जख्मी बच्चे को पुपरी स्वास्थ्य केंद्र और दो को नानपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी दोनों बच्चों को मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया। महिला की हालत खतरे से बाहर है।
महिला बहेरा जहिदपुर गांव के स्व. देवेंद्र राउत की 65 वर्षीया पत्नी है। मृत बच्चे की पहचान नानपुर उत्तरी पंचायत के वार्ड-चार के मो. कुरैश के आठ वर्षीय पुत्र मो. रेजा के रूप में की गई है। पुलिस ने मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
स्कार्पियो में फंस गया था बच्चा
गंभीर रूप से घायल मो. इरशाद के दस वर्षीय पुत्र मो. आशिक और मो. शहजाद के बारह वर्षीय पुत्र अहमद के रूप में पहचान की गई है। तीनों बच्चे एक ही परिवार के हैं। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओ नवीन कुमार ने पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना व्यक्त करते हुए उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। वहीं पुलिस ने क्षतिग्रस्त स्कार्पियो के साथ चालक को हिरासत में ले लिया है।