विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पानी में यूरिन मिलाकर मटन धो रहा था विक्रेता, सीतामढ़ी में सड़क पर हंगामा

By Sumit Kumar Edited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 13 May 2026 11:43 PM (IST)

सीतामढ़ी में एक मटन विक्रेता पर मांस को यूरिन से धोने का गंभीर आरोप लगा, जिससे स्थानीय लोगों ने जमकर ...और पढ़ें

मटन दुकान पर आक्रोशित लोगों को समझाती नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी साथ में अपर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण शुक्ला व अन्य।

मटन दुकान पर आक्रोशित लोगों को समझाती नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी साथ में अपर थानाध्यक्ष चंद्रभूषण शुक्ला व अन्य।

HighLights

  1. मटन विक्रेता पर यूरिन से मांस धोने का आरोप।

  2. स्थानीय लोगों ने सड़क पर जमकर किया हंगामा।

  3. पुलिस ने मटन जब्त कर जांच के लिए भेजा।

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी । नगर थाना क्षेत्र के रीगा रोड स्थित एक निजी होटल के समीप बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब स्थानीय लोगों ने एक मटन विक्रेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

हंगामा को देखकर अगल-बगल के मीट दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गए। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकानदार पानी में यूरिन मिलाकर मांस धोता था और सड़क किनारे उसी मटन को टांग कर बेचता था।

जानकारी के अनुसार रीगा थाना क्षेत्र के चन्डिहा निवासी मोहम्मद मुख्तार अंसारी नगर थाना क्षेत्र के रीगा रोड पर सड़क किनारे मटन बेच रहा था। इसी दौरान वर्मा नामक एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसने दुकानदार को मटन यूरिन से धोते हुए देखा है।

आरोप है कि उसी मांस को काटकर बिक्री की जा रही थी। यह देख स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और दुकानदार से पूछताछ करने पहुंचे। हालांकि भीड़ बढ़ती देख दुकानदार काला रंग का थैला लेकर मौके से फरार हो गया। लोगों ने दुकानदार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह की हरकत से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ किया गया है। मामले की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया तथा इसकी जानकारी नगर थाना पुलिस को दी।

इसके बाद नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया वहीं बिक्री के लिए रखे गए मटन को जब्त कर लिया।

नगर थानाध्यक्ष धनंजय चौधरी ने बताया कि जब्त मटन का सैंपल जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भेज दिया गया। जांच रिपोर्ट में यदि मांस यूरिन से धोया हुआ पाया जाता है, तो संबंधित दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी। वही घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।