विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी के रेड लाइट एरिया में भीषण आग से सात घर राख, गश्ती पुलिस ने बचाई दर्जनों लोगों की जान

Published: Mon, 09 Nov 2026 12:12 PM (IST)

सीतामढ़ी के रेड लाइट एरिया में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से सात घर जलकर राख हो गए, जिससे लाखों ...और पढ़ें

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

HighLights

  1. रेड लाइट एरिया में भीषण आग से सात घर जले।

  2. गश्ती पर निकली पुलिस ने दर्जनों लोगों को बचाया।

  3. आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या साजिश की आशंका।

जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Fire Incident: नगर थाना क्षेत्र स्थित रेड लाइट एरिया में सोमवार की अहले सुबह करीब तीन बजे भीषण अगलगी में सात घर जलकर राख हो गए।

आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए। इस दौरान पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई। घरों में गहरी नींद में सो रहे लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

इसी बीच गश्ती पर निकले नगर थाने में तैनात एसआइ धर्मेंद्र कुमार की नजर आग की ऊंची लपटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल गश्ती वाहन रुकवाया और पुलिसकर्मियों के साथ बचाव कार्य में जुट गए।

पुलिस ने बचाई दर्जनों जान

पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए आग से घिरे घरों के दरवाजे और लोहे के गेट पीटने शुरू कर दिए। अचानक हुई आवाज से गहरी नींद में सो रहे लोग जाग गए।

इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एक-एक कर सभी को सुरक्षित घरों से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यदि गश्ती दल समय पर मौके पर नहीं पहुंचता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।

पुलिसकर्मियों की तत्परता से दर्जनों लोगों की जान बच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पांच से सात लाख की क्षति

इस अगलगी में नूर आलम, नजमा खातून, रुबी खातून, मोहम्मद अख्तर, बिस्मिल्लाह खातून और सजा आलम के घर प्रभावित हुए हैं।

आग से घरों में रखे फर्नीचर, नकदी, कपड़े और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार पांच से सात लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

आग लगने की सूचना पर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। बाद में पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

जानबूझकर आग लगाने की आशंका

घटना के बाद पीड़िता नजमा खातून ने आशंका जताई कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। वहीं, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस पदाधिकारी अगलगी के कारणों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस की मुस्तैदी की चर्चा

भीषण अगलगी के बीच एसआइ धर्मेंद्र कुमार और उनकी टीम की तत्परता की इलाके में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने जिस साहस के साथ घरों में सो रहे लोगों को जगाकर बाहर निकाला, उससे बड़ी त्रासदी टल गई। समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पुलिस की मुस्तैदी का परिचायक है।

यह भी पढ़ें- दीपावली की रात समस्तीपुर में धधकी आग: जिला परिषद ऑफिस में फाइलों का बंडल राख, खान मार्केट में भी लाखों का नुकसान

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में पेट्रोल पंप के सामने धू-धू कर जला ट्रक, इलाके में मची अफरातफरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।