बिहार में थ्री स्टार का रौब दिखाकर की तीन शादियां, सीतामढ़ी में कमाल का ठग गिरफ्तार
सीतामढ़ी में एक शातिर ठग मोहम्मद निराले को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद को पुलिसकर्मी बताकर तीन शादियां कर चुका था और दहेज के नाम पर ठगी करता था। वह फर्जी वर्दी और पहचान पत्र का इस्तेमाल कर लोगों पर रौब जमाता था।
-1795619644247_m.webp)
थ्री स्टार का रौब दिखा की तीन शादियां करने वाला फर्जी पुलिस कर्मी गिरफ्तार (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
फर्जी पुलिसकर्मी बनकर तीन शादियां कीं।
दहेज के नाम पर महिलाओं से ठगी करता था।
सीतामढ़ी पुलिस ने शातिर ठग को दबोचा।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। कंधे पर थ्री स्टार, पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र...। इस रौब के सहारे वह लोगों को पुलिसकर्मी होने का भरोसा दिलाता, शादी करता और फिर दहेज के नाम पर रुपये वसूलने का खेल शुरू कर देता। मांग पूरी नहीं होने पर पुलिसिया धौंस दिखाने के लिए खुद ही थाने और एसपी के गोपनीय कार्यालय में फोन कर शिकायतें करने लगता।
तीन शादियां करने और ठगी के आरोपों से घिरे इस शातिर को सहियारा थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मोहम्मद निराले मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के भदई गांव का निवासी है।
वर्दी और फर्जी पहचान से बनाता था रौब
पुलिस के अनुसार, आरोपित खुद को डायल-112 का पुलिसकर्मी बताकर लोगों को गुमराह करता था। पुलिस की वर्दी और फर्जी पहचान पत्र के सहारे वह अपना रौब दिखाता और इसी पहचान का इस्तेमाल ठगी के लिए करता था। पिछले पांच-छह वर्षों से उसके इस तरीके से लोगों को ठगने की बात जांच में सामने आई है।
रुपये नहीं मिले तो घर भेजवा देता था पुलिस
आरोित ने सहियारा थाना क्षेत्र के हरिकेश गांव निवासी बचिया देवी की पुत्री से शादी की थी। शादी के बाद वह अक्सर रुपये की मांग करता था। मांग पूरी नहीं होने पर वह खुद पुलिस अधिकारी बनकर थाने में फोन करता और पत्नी के रुपये लेकर मायके भाग जाने की झूठी सूचना देता था। इसके बाद उसके घर पुलिस पहुंच जाती थी। इस तरीके से वह पत्नी और ससुराल वालों पर दबाव बनाने की कोशिश करता था।
एसपी के गोपनीय कार्यालय में भी करता था फोन
आरोपित की दुस्साहसपूर्ण गतिविधियों का दायरा थाने तक ही सीमित नहीं था। वह नाम बदल-बदलकर एसपी के गोपनीय कार्यालय में भी फोन कर सूचनाएं देता था। पुलिस इस तरीके से उसकी ओर से किए गए फोन कॉल और अन्य गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
तीन शादियां, कई थानों में मामले
जांच में आरोपित के तीन शादियां करने की बात सामने आई है। कन्हौली थाना क्षेत्र में भी उसके शादी करने की जानकारी मिली है। परसौनी समेत कई थानों में उसके विरुद्ध मामले दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस अब उसके अन्य ठगी के मामलों और नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
शिकायत के बाद पुलिस ने बिछाया जाल
पुलिस के मुताबिक, सहियारा थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध युवक के पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को धौंस दिखाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। इसी क्रम में मोहम्मद निराले को गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ कर उसके फर्जी पुलिसकर्मी बनने और शादी के नाम पर ठगी करने से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।