रुन्नीसैदपुर मेले में रंगदारी मांगने पर फास्ट फूड दुकान पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार
Bihar Crime News: सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में दुर्गापूजा मेले के दौरान एक फास्ट फूड दुकान पर रंगदारी न देने पर तोड़फोड़ और दुकानदार पर हमला किया गया।

पुलिस हिरासत में बदमाश चुन्नू कुमार। फोटो सौजन्य: पुलिस
HighLights
सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में फास्ट फूड दुकान पर हमला।
रंगदारी न देने पर दुकान में तोड़फोड़, नकदी लूटी गई।
एक आरोपी चुन्नू कुमार गिरफ्तार, दूसरा आरोपी फरार।
देवेंद्र सिंह, रुन्नीसैदपुर (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Extortion Case: दुर्गापूजा के उल्लास के बीच सीतामढ़ी के रुन्नीसैदपुर में रंगदारी नहीं देने पर फास्ट फूड दुकान में तोड़फोड़ और दुकानदार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है।
घटना महिंदवारा थाना क्षेत्र के सिरखिरिया गांव स्थित परिसर में लगे मेले की है। इस दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने दुकानदार से 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की और इनकार करने पर दुकान में तोड़फोड़ कर गल्ले से नकदी लूट ली।
रंगदारी नहीं देने पर हमला
रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के तिलक ताजपुर गांव वार्ड संख्या दो निवासी संतोष कुमार मेले में फास्ट फूड की दुकान चला रहे थे।
इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उनसे 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने लगे। दुकानदार के इनकार करने पर बरहेत्ता गांव निवासी मनोज कुमार ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर जख्मी कर दिया।
इसके बाद बदमाशों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और कैशबाक्स से पांच हजार रुपये नकद लूट लिए। बदमाशों ने पूरी दुकान को उजाड़ देने की धमकी भी दी।
दुकानदार के शोर मचाने पर मेले में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने एक बदमाश पकड़ा
भीड़ को अपनी ओर आते देख दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने एक बदमाश महिंदवारा थाना क्षेत्र के हाजीपुर बसंत गांव निवासी चुन्नू कुमार को खदेड़कर पकड़ लिया। इस दौरान दूसरा आरोपित मनोज कुमार बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम को ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपित को सौंप दिया। घटना को लेकर महिंदवारा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित चुन्नू कुमार को जेल भेज दिया गया है।
फरार आरोपित की तलाश
थानाध्यक्ष ने बताया कि चुन्नू कुमार को इससे पहले भी महिंदवारा थाना कांड संख्या 36/21 (रंगदारी) और 46/21 (आर्म्स एक्ट) में जेल भेजा जा चुका है। फरार आरोपित मनोज कुमार की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
