आस्था की उड़ान: सीतामढ़ी में MI-17 हेलीकॉप्टर में सजा मां का दरबार, अनूठी कल्पना से श्रद्धालु गदगद
Janaki Bhumi Sitamarhi Navratri: सीतामढ़ी में शारदीय नवरात्र के अवसर पर भारतीय वायुसेना के 'एमआई-17' हेलीकॉप्टर की थीम पर बना ...और पढ़ें

सीतामढ़ी शहर के एतिहासिक पुनौराधाम चौक (पुंडरीक क्षेत्र) पर मां शक्ति पूजा समिति की ओर से वायुसेना के विमान की शक्ल में बनाए गए पंडाल में मां दुर्गा का दर्शन पूजन के लिए उमड़े श्रद्धालु।
HighLights
सीतामढ़ी में MI-17 हेलीकॉप्टर थीम पर बना भव्य दुर्गा पंडाल।
यह पंडाल भारतीय वायुसेना के शौर्य और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रतीक।
श्रद्धालु भक्ति और राष्ट्रप्रेम के इस अनूठे संगम से भावविभोर।
अनिल तिवारी, सीतामढ़ी। Sitamarhi Durga Puja Pandal 2026: मां जानकी की पावन जन्मभूमि सीतामढ़ी में इस बार शारदीय नवरात्र पर भक्ति और देशभक्ति का एक अद्भुत और अप्रतिम संगम देखने को मिल रहा है।
ऐतिहासिक पुनौराधाम स्थित पुंडरीक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के शौर्य का प्रतीक 'एमआई-17' (Mi-17) हेलीकॉप्टर आसमान में उड़ान भरने के बजाय धरातल पर मां आदिशक्ति के दिव्य दरबार के रूप में जगमगा रहा है।
मां शक्ति पूजा समिति द्वारा तैयार कराई गई इस अनूठी कृति को देखकर श्रद्धालु न केवल भावविभोर हैं, बल्कि आयोजकों की इस राष्ट्रभक्ति की भावना की दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं।

साढ़े छह लाख की लागत
करीब साढ़े छह लाख रुपये की लागत से बने इस विशालकाय हेलीकॉप्टर रूपी पंडाल को गढ़ने में कारीगरों ने दिन-रात एक कर दिया।
वर्ष 1995 से अनवरत पूजा का आयोजन करती आ रही समिति ने पंडाल की कमान जानकी स्थान स्थित लालजी टेंट हाउस को सौंपी, जबकि खड़का के रामबाबू पंडित ने मां दुर्गा की मनमोहक और भव्य प्रतिमा को आकार दिया है।

पूरे परिसर और आसपास के रास्तों को पुनौरा के महावीर लाइट एंड साउंड की आकर्षक लाइटिंग से ऐसा सजाया गया है, मानो कोई सैन्य बेस जगमगा उठा हो।
स्थापना काल से ही राष्ट्रभक्ति
मां शक्ति पूजा समिति के अध्यक्ष दिनेश महतो बताते हैं कि 1995 में स्थापना के बाद से ही हर वर्ष पूजा पंडाल में राष्ट्रभक्ति की किसी न किसी झलक को प्रस्तुत करना उनकी परंपरा रही है।

इस बार देश के वीर जवानों और भारतीय वायुसेना के पराक्रम को समर्पित करते हुए 'एमआई-17' हेलीकॉप्टर की थीम चुनी गई।
25 सदस्यीय समिति के सचिव जितेंद्र हाथी, कोषाध्यक्ष विनोद महतो और भोला महतो सहित पूरी टीम इस आयोजन को वैदिक रीति-रिवाज से संपन्न कराने में जुटी है।
उमड़ रहा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
नवमी तिथि पर मां जगदम्बा के दर्शन-पूजन के लिए पुंडरीक क्षेत्र में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। हेलीकॉप्टर के भीतर प्रवेश कर मां शक्ति की प्रतिमा के आगे शीश नवाते ही श्रद्धालु जय माता दी के साथ 'भारत माता की जय' के जयकारे भी लगा रहे हैं।
भक्ति का यह विहंगम दृश्य और राष्ट्रभक्ति की यह अनूठी अलख इस बार के सीतामढ़ी नवरात्र की सबसे बड़ी पहचान बन गई है।
यह भी पढ़ें- भागलपुर में महिलाएं एक-दूसरे को लगाती हैं सिंदूर, नम आंखों से होती है मां दुर्गा की मायके से विदाई
