विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीतामढ़ी के सोनबरसा से लापता युवक की बेलसंड में हत्या, शव पोखर में मिला; दो गिरफ्तार

By ANIL TIWARIEdited By: Ajit kumar
Published: Sun, 11 Oct 2026 06:54 PM (IST)

सीतामढ़ी के सोनबरसा से लापता युवक अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना का शव बेलसंड के मधकौल गांव में एक पोखर से ...और पढ़ें

अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना। फाइल फोटो

अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना। फाइल फोटो

संवाद सहयोगी, बेलसंड (सीतामढ़ी)। Sitamarhi Youth Murder Case: सीतामढ़ी के सोनबरसा थाना क्षेत्र के चिलरी गांव से नौ अक्टूबर को लापता युवक अभिषेक कुमार उर्फ मुन्ना की बेलसंड थाना क्षेत्र के मधकौल गांव में हत्या कर दी गई।

रविवार की दोपहर मधकौल स्थित एक निजी विद्यालय के पास पोखर में उसका शव उपलाता मिला। युवक की पीठ और गर्दन पर जख्म के कई निशान मिले हैं, जिसे धारदार हथियार से हमला किए जाने का बताया जा रहा है।

पोखर में मिला शव

शव मिलने की सूचना पर डीएसपी रविशंकर प्रसाद और थानाध्यक्ष जंगो राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से शव को पोखर से बाहर निकलवाया गया। मृतक के भाई अविनाश ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की।

मामले में अविनाश ने मधकौल गांव निवासी सन्नी सिंह और चंदन सिंह को आरोपित किया है। पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है, जबकि हत्या में प्रयुक्त हथियार अब तक बरामद नहीं हुआ है।

दो दोस्तों पर आरोप

पुलिस के अनुसार, हत्या के वास्तविक कारण का अब तक पता नहीं चल सका है। डीएसपी रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मामले के सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। शव को अंत्य परीक्षण के लिए सदर अस्पताल सीतामढ़ी भेज दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अभिषेक कुमार सोनबरसा बाजार में फल बेचने का काम करता था। दोनों आरोपित भी उसके गांव और आसपास के इलाके में जैकेट बेचने का काम करते हैं। इसी दौरान अभिषेक की दोनों से जान-पहचान हुई और बाद में दोस्ती हो गई।

लापता होने के बाद पहुंचा

बताया जा रहा है कि नौ अक्टूबर की शाम अभिषेक अचानक बिना कुछ बताए मधकौल गांव आ गया था। इधर, उसके लापता होने के बाद स्वजन उसकी तलाश में जुटे थे। इसी बीच उन्हें अभिषेक के मधकौल आने की जानकारी मिली।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। मामले में हत्या के कारण और घटनाक्रम की पूरी जानकारी पुलिस की जांच के बाद सामने आने की बात कही जा रही है।

यह भी पढ़ें- पटना छात्रा हत्याकांड में नया खुलासा: झारखंड में मिली मोबाइल लोकेशन, साइबर अपराधियों पर मर्डर केस दर्ज