विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना छात्रा हत्याकांड में नया खुलासा: झारखंड में मिली मोबाइल लोकेशन, साइबर अपराधियों पर मर्डर केस दर्ज

Published: Sun, 11 Oct 2026 10:39 AM (IST)

पटना में राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड के पास मिली छात्रा की मौत के मामले में नया मोड़ आया है।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

जागरण संवाददाता, पटना। राजेंद्र नगर रेलवे यार्ड के पूरब पोल संख्या 538/23 के सामने रेल पटरी के किनारे आठ अक्टूबर की रात में मिले 21 वर्षीय छात्रा के शव के मामले में नया मोड़ आया है। स्वजन के आवेदन पर कंकड़बाग थाने में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

स्वजन का आरोप है कि साइबर बदमाशों ने पहले पैसों की ठगी की और फिर छात्रा की हत्या कर दी। छात्रा के मोबाइल का लोकेशन झारखंड में मिलने और खाते से 80 हजार रुपये की निकासी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन को मौत का राज खोलने वाली अहम कड़ी मान रही है। काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) निकालकर यह पता लगाया जा रहा है कि किन नंबरों से सबसे अधिक काल आए और छात्रा ने किन लोगों से संपर्क किया था।

मोबाइल में मिले कई नंबरों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके अलावा मैसेज और वाट्सएप चैट की भी जांच हो रही है, ताकि ठगी और मौत के बीच संभावित संबंध का पता चल सके।

घर से कॉलेज तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले

साइबर अपराधियों की संलिप्तता की आशंका पर पुलिस छात्रा के घर से टीपीएस कॉलेज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है।

छात्रा की गुमशुदगी का मामला छह अक्टूबर को कंकड़बाग थाने में दर्ज हुआ था। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने या हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

इसी स्थान के पास मिले 25-30 वर्षीय अज्ञात युवक के मामले में राजेंद्र नगर टर्मिनल जीआरपी ने पुलिस के बयान पर यूडी केस दर्ज किया है। छात्रा के स्वजन ने युवक को पहचानने से इन्कार किया है।

दोनों शव 200 मीटर की दूरी पर मिले थे, लेकिन पुलिस फिलहाल दोनों घटनाओं को अलग-अलग मानकर जांच कर रही है। युवक की तस्वीर सभी थानों को भेजी गई है।

सदर डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मोबाइल और बैंक खाते समेत सभी बिंदुओं पर जांच जारी है। जीआरपी थानाध्यक्ष दीपनारायण प्रसाद के अनुसार, युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

यह भी पढ़ें- तुमने अश्लील वीडियो देखी, FIR दर्ज हो गई है; साइबर ठगों ने युवती को धमकाकर ठगे ₹98 हजार