सीतामढ़ी के जिला पार्षद पति हत्याकांड का मुख्य आरोपित केरल से गिरफ्तार, 25 हजार का था इनाम
सीतामढ़ी में जिला पार्षद पति बैद्यनाथ महतो हत्याकांड का मुख्य आरोपी एजाज अहमद केरल से गिरफ्तार कर लिया गया है। ...और पढ़ें

सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने एजाज की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपित को केरल से सीतामढ़ी लाया जा रहा है।
HighLights
सीतामढ़ी जिला पार्षद पति हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार।
25 हजार रुपये का इनामी एजाज केरल से दबोचा गया।
बैद्यनाथ महतो की आठ गोलियां मारकर हत्या हुई थी।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi Murder Case: जिला पार्षद पति सह प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
दिनदहाड़े आठ गोलियां मारकर उनकी हत्या करने वाला मुख्य आरोपित और 25 हजार रुपये का इनामी एजाज अहमद आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एसपी की ओर से गठित विशेष टीम ने शुक्रवार को केरल के कोल्लम में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।
केरल तक पीछा कर दबोचा
जिला पुलिस और एसपी द्वारा गठित स्पेशल फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली है। महीनों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा एजाज लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद जिले के बहुचर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस को एक अहम कड़ी हाथ लगी है।
सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने एजाज की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपित को केरल से सीतामढ़ी लाया जा रहा है। यहां पहुंचने के बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी।
हथियार और साजिश की जांच
पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात में शामिल अन्य बदमाशों के संबंध में जानकारी जुटाएगी। पूछताछ में हत्याकांड की साजिश और अन्य आरोपितों की भूमिका से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
मॉर्निंग वॉक में हत्या
विदित हो कि 12 सितंबर की सुबह डुमरा थाना क्षेत्र के केथरिया गांव में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले जिला पार्षद पति सह प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो पर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी।
बदमाशों ने उन्हें एक-दो नहीं, बल्कि आठ गोलियां मारी थीं। इस दुस्साहसिक वारदात में उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
लाइनर पहले पकड़ा गया
घटना के बाद से ही पुलिस मुख्य आरोपित एजाज अहमद की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। हत्याकांड में लाइनर की भूमिका निभाने के आरोपित त्रिभुवन को 24 सितंबर को ग्रामीणों ने खेत में छिपे होने की सूचना पर खोजकर पकड़ लिया था।
उस समय दावा किया गया था कि एजाज भी उसके साथ मौजूद था, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
इसके बाद से ही एजाज लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। आखिरकार पुलिस की विशेष टीम ने केरल तक उसका पीछा किया और कोल्लम में गिरफ्तार कर लिया।
अब उससे पूछताछ के बाद हत्याकांड की साजिश, हथियार और अन्य आरोपितों की भूमिका से जुड़े कई अहम राज सामने आने की उम्मीद है।