सीतामढ़ी को 211.6 करोड़ की 10 योजनाओं की सौगात, पेयजल स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में लाभ
PM Modi Bihar Inauguration Sitamarhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली से सीतामढ़ी जिले के लिए 211.63 करोड़ रुपये की 10 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान डीएम तनय सुल्तानिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत करीब 40 लाभार्थियों को नए गृह प्रवेश की चाबी सौंपी।
HighLights
211.63 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन।
पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत क्षेत्रों में मिलेगा सीधा लाभ।
डीएम तनय सुल्तानिया ने आवास योजना की चाबियां सौंपी।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Development Projects News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली से सीतामढ़ी जिले की कुल 211.63 करोड़ रुपये की लागत वाली 10 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया।
इनमें पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और विद्युत क्षेत्र की योजनाएं शामिल हैं, जिनका सीधा लाभ जिले के लोगों को मिलेगा। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण समाहरणालय स्थित परिचर्चा कक्ष में दिखाया गया, जहां डीएम तनय सुल्तानिया के साथ अधिकारी व लाभुक मौजूद रहे।
घर घर पहुंचेगा शुद्ध पानी
शहर में 197.13 करोड़ रुपये की जलापूर्ति परियोजना का शिलान्यास किया गया, जिससे नगर निगम के सभी 46 वार्डों में सुरक्षित पेयजल मिलेगा।
इससे लगभग 18,599 परिवारों को 24 घंटे पाइपलाइन से जलापूर्ति होगी और जल जनित बीमारियों में कमी आएगी। लोगों को टैंकर और हैंडपंप के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा और घर घर नल से शुद्ध पानी पहुंचेगा।
स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र
शिक्षा के क्षेत्र में डुमरा प्रखंड के मनियारी में 2.38 करोड़ रुपये की लागत से बने प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय भवन का उद्घाटन किया गया, जिससे कक्षा 11 और 12 की पढ़ाई स्थानीय स्तर पर हो सकेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के माध्यम से 5.75 करोड़ रुपये की डुमरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 1.80 करोड़ रुपये के बथनाहा स्थित एपीएचसी महुआवा तथा सोनदही, मरुकी, बलसा व पिपरा खुर्द के स्वास्थ्य उप केंद्रों का उद्घाटन हुआ। इससे वंचित आबादी को घर के समीप प्राथमिक उपचार व मातृत्व सेवाएं मिलेंगी और बथनाहा में मुखिया संजीव भूषण ने फीता काटकर खुशी जताई।
बिजली और आवास की सौगात
जिले के रुन्नीसैदपुर के 132 33 केवी उपकेंद्र से 2.42 करोड़ रुपये की लागत से 33 केवी की दो लाइनों का निर्माण हुआ है, जो औराई और गोविंद पिटौझिया पीएसएस से जुड़ेंगी।
इससे करीब 40 हजार उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज और बार बार बिजली कटने की समस्या से राहत मिलेगी। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान डीएम तनय सुल्तानिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत करीब 40 लाभार्थियों को नए गृह प्रवेश की चाबी सौंपी।