साम्प्रदायिक ताकतों से राज्य व देश को मुक्त कराना राजद का लक्ष्य
सीतामढ़ी। पुपरी शहर स्थित कृष्णा कांप्लेक्स में बुधवार को राजद का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ
सीतामढ़ी। पुपरी शहर स्थित कृष्णा कांप्लेक्स में बुधवार को राजद का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे ने कहा कि राजनीति में दाएं-बाएं कुछ नहीं होता। पार्टी का एक ही उद्देश्य है, साम्प्रदायिक ताकतों से राज्य व देश को छुटकारा दिलाना। कहा कि चुनाव की घड़ी नजदीक आ गई है और भाजपा को हराना ही पार्टी का पहला लक्ष्य है। 2019 के चुनाव में नरेंद्र मोदी व भाजपा की सरकार जानी तय है। भाजपा जनता को बांटने का काम करती रही है। लेकिन, उनके मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। बदलाव का नेतृत्व करने वाला ही नेता होता है और राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ऐसे ही नेता रहे हैं। राजनीति में समर्पण की भावना की जरूरत होती है। बिहार के सभी 48 सीटों पर इस बार विजय होने का दावा करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष व युवा नेता तेजस्वी के हाथों को मजबूत करने की अपील की। पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री सिर्फ विदेशों में घूमने वाले प्रधानमंत्री बनकर ही रह गए हैं। लोकतंत्र बराबरी के सिद्धांत पर आधारित है। यह देश का दुर्भाग्य है कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। पूर्व मंत्री मंगनी लाल मंडल ने कहा कि भाजपा कट्टरपंथी ताकत की पार्टी है और जनता के बीच भ्रम फैला रही है। पूर्व सांसद सीताराम यादव ने कहा कि पार्टी में बदलू नेता को टिकट नहीं मिलता है, यहां जमीन पर काम करने वालों को ही महत्व मिलता है। पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। यहां कार्यकर्ताओं का काफी महत्व है। इससे पहले नेताओं का जोरदार स्वागत किया गया। सम्मेलन को डॉ. रंजना पूर्वे, विधायक सुनील कुमार कुशवाहा व मंगीता देवी समेत दर्जनों नेताओं ने संबोधित किया।