राशन-केरोसिन से वंचित लाभुकों ने जताया आक्रोश
राशन केरोसिन से वंचित लाभुकों ने नानपुर की मझौर पंचायत के मुखिया मो. सऊद के दरवाजे पर डीलर मंसूर आलम के विरुद्ध विरोध जताया।
सीतामढ़ी। राशन केरोसिन से वंचित लाभुकों ने नानपुर की मझौर पंचायत के मुखिया मो. सऊद के दरवाजे पर डीलर मंसूर आलम के विरुद्ध विरोध जताया। कार्डधारियों ने डीलर की मनमानी और कालाबाजारी के खिलाफ जांच की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी निर्देश के अनुसार, 31 मार्च तक सभी तरह के खातों में आधार ¨लक करा लेना है। तब तक किसी भी सेवा से वंचित नहीं किया जाना है। बावजूद प्रखंड के मझौर पंचायत में डीलर मंसूर आलम खान द्वारा सरकारी निर्देश के विपरीत मनमाने ढंग से काम कर रहे हैं। जिनके राशन कार्ड के साथ आधार नहीं जमा कराया जा सका है वैसे लाभुकों को डीलर द्वारा राशन केरोसिन नहीं दिया जा रहा है। जबकि प्रखंड से सभी लाभुकों का राशन केरोसिन का डीलर द्वारा उठाव किया जाता है। डीलर द्वारा उस इसका वितरण न कर कालाबाजारी की जा रही है। इस संबंध में गांव के मो.जहीर बताते हैं कि उसके परिवार में कुल चार राशन कार्ड है। जिसमें कुल 23 लोगों का नाम है। पांच लोगों का आधार जमा करा पाए हैं। शेष लोगों को घर से बाहर होने के कारण आधार जमा नहीं हुआ है। जिस कारण उन सभी लोगों का पिछले तीन माह से डीलर द्वारा राशन केरोसिन नहीं दिया जा रहा है। गांव के नियामत, मो. मेराज अंसारी, मो.शब्बीर, मो.ओवैश, नैमून निशा, मैजून निशा, नुसरत प्रवीण व जरीना खातून ने भी राशन-केरोसिन से वंचित करने का आरोप लगाया है। पंचायत के मुखिया सह राजद प्रखंड अध्यक्ष मो.सउद बताते हैं कि सरकार के आदेशानुसार 31 मार्च तक अपना-अपना आधार जमा करा देना है। बावजूद डीलर के मनमानी के कारण उपभोक्ताओं को राशन केरोसिन से वंचित किया जा रहा है। इस संबंध में बीडीओ से शिकायत भी कर चुके हैं।