महिला सुरक्षा के लिए आ रहा 'पुलिस दीदी' एप, पुलिस की अनूठी पहल
महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने के लिए बिहार पुलिस बड़ी पहल करने जा रही है।
सीतामढ़ी, मुकेश कुमार'अमन',
महिला उत्पीड़न पर अंकुश लगाने के लिए बिहार पुलिस बड़ी पहल करने जा रही है। इसी हफ्ते 'पुलिस दीदी' एप लांच होने वाला है। इस एप को महिलाएं अपने स्मार्ट मोबाइल फोन में डाउनलोड कर सकती हैं। जब कभी उन्हें असुरक्षा का आभास हो तो उन्हें सिर्फ मोबाइल के साइड में दिए गए बटन को तीन बार दबाना होगा। ऐसा करते ही नजदीक के थाने को फोन चला जाएगा। साथ ही स्थानीय एसडीपीओ के मोबाइल पर भी कॉल जाएगा। यह जीपीएस आधारित होगा। 27 फरवरी यानी पुलिस सप्ताह के आखिरी दिन यह एप लांच होगा। एसपी अनिल कुमार ने दैनिक जागरण से खास बातचीत में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकट में फंसी महिलाएं आसानी से पुलिस की मदद ले सकेंगी। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर पुलिस मुख्यालय'पुलिस दीदी'लांच कर रही है। बताते चलें कि इससे पहले 2018 में एक ऐसी ही मुहिम शुरू हुई थी। जिसका नाम था -'पुलिस दीदी-पुलिस काका'मुहिम। ठाणे ग्रामीण के तत्कालीन एसपी शिवाजी राठौड़ ने बच्चों के प्रति बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिए यह मुहिम चलाई थी। जिसका व्यापक असर देखा गया। स्मार्ट पुलिसिग के लिए शुरू हुआ पुलिस सप्ताह
बिहार पुलिस 22 फरवरी से पुलिस सप्ताह मना रही है। सीतामढ़ी में 22 फरवरी को इस सप्ताह का एसपी अनिल कुमार ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने रुन्नीसैदपुर प्रखंड के एक गांव को गोद भी लिया। उस गांव में उन्होंने सुदूर गांव के स्कूल में बच्चों को पढ़ाया। एसपी स्कूल में बच्चों को पढ़ाएंगे। साथ ही उन्हें बेहतर करने के लिए प्रेरित करेंगे। अब यहां वे अक्सर आया करेंगे। यहां विभिन्न कार्यक्रम होंगे। एसपी के साथ जिले के दूसरे पुलिस अफसर भी यह काम करेंगे। महिदवारा गौसनगर-ढ़ाव गांव स्थित के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में पुलिस महकमा को देख हर कोई अचरज में था। दरअसल, जिले की पुलिस इस नई भूमिका में डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय के आदेश पर यह पहल शुरू की है। 'खेलो बिहार पुलिस के साथ'
एसपी ने बताया कि पुलिस सप्ताह के तहत रविवार को पुलिस की ओर से खेलकूद का आयोजन किया गया। इसे 'खेलो बिहार पुलिस के साथ' नाम दिया गया था। थाना और जिलास्तर पर क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल जैसे खेलों का आयोजन होना था। मगर, भारत बंद के मद्देनजर कई जगहों पर यह आयोजन नहीं हो सका। जैसे जहां बंद का असर रहा और जहां नगर पंचायत का चुनाव हो रहा था। एक तरफ पुलिस की टीम खेल रही थी तो दूसरी ओर स्थानीय लोग जिनमें जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। रीगा में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में वहां के विधायक अमित कुमार टून्ना जनप्रतिनिधि की ओर से कप्तान बने थे। उनकी टीम ने मैच जीत कर कप पर कब्जा जमाया।