सीतामढ़ी को 887 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, वैशाली की सभा से पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
PM Modi Vaishali Rally Inauguration: सीतामढ़ी को 887 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली से करेंगे।

पीएम स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
HighLights
प्रधानमंत्री मोदी 21 नवंबर को करेंगे परियोजनाओं का उद्घाटन।
887 करोड़ की सड़क, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य योजनाएं।
सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, नेपाल सीमा को लाभ।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Development Projects 887 Crore: जिले को करीब 887 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को वैशाली के राजापाकड़ प्रखंड के जाफरपट्टी में जनसभा के दौरान सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी इन योजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
इन परियोजनाओं से सीतामढ़ी के साथ पूर्वी चंपारण, शिवहर और नेपाल सीमा तक के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
सड़क और सीमा संपर्क
करीब 611 करोड़ रुपये की लागत से एनएच 227 के चोरमा बैरगनिया सेक्शन का 34.57 किमी हिस्सा टू लेन विद पेव्ड शोल्डर के साथ बनकर तैयार हो गया है।
यह सड़क भिट्ठामोड़ के रास्ते एनएच 28 को नेपाल बार्डर से जोड़ेगी और पूर्वी चंपारण व बैरगनिया के सुदूर गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ेगी। इससे नेपाल से व्यापार, माल ढुलाई और किसानों व व्यापारियों को सीधा फायदा होगा।
पेयजल और स्कूल भवन
लगभग 197.13 करोड़ रुपये की लागत से बने सीतामढ़ी वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट से शहर के करीब 18,599 घरों में पाइप लाइन से 24 घंटे शुद्ध पानी मिलेगा।
इसके अलावा 70.19 करोड़ रुपये की लागत से 36 सीनियर सेकेंडरी एवं प्लस टू स्कूलों की नई इमारतें तैयार हैं। इससे गांव के बच्चों को 11वीं व 12वीं की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और लड़कियों का ड्राप आउट घटेगा।
स्वास्थ्य केंद्र और प्रसारण
जिले के छह अस्पतालों को नया भवन मिलेगा, जिनमें करीब 5.75 करोड़ से बना सीएचसी डुमरा, 0.43-0.43 करोड़ की लागत से सुरसंड के मरूकी, पुपरी, चोरौत व परिहार के पिपरा खुर्द के हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर और बथनाहा के महुआवा में 1.8 करोड़ से बना एपीएचसी शामिल हैं।
वैशाली में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय के परिचर्चा कक्ष में दिखाने की व्यवस्था की गई है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कमल सिंह ने बताया कि लाइव प्रसारण की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।