बसवरिया चौक पर पिस्टल लहराते दो बदमाश गिरफ्तार
सीतामढ़ी। शहर के बसवरिया चौक के पास बुधवार की दोपहर पिस्टल लहरा लोगों का भयादोहन करते दो बदमाश स्थान
सीतामढ़ी। शहर के बसवरिया चौक के पास बुधवार की दोपहर पिस्टल लहरा लोगों का भयादोहन करते दो बदमाश स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गए। लोगों ने जहां बदमाशों से पिस्टल छीन ली, वहीं पकड़ कर जम कर धुनाई कर दी। आक्रोशित लोगों ने बदमाशों की पल्सर बाइक भी क्षतिग्रस्त कर दी। साथ ही दोनों बदमाशों को बंधक बना लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने पिस्टल, बाइक और बदमाशों की मोबाइल जब्त कर ली, वहीं बदमाशों को ग्रामीणों से मुक्त कराते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल दोनों बदमाशों से नगर थाने में पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस ने बदमाशों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी बताने से इन्कार किया है। साथ ही नाम और पता गुप्त रखा है। वैसे गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विवेक और सोनू के रूप में की गई है। माना जा रहा है कि दोनों बदमाश लूट की नीयत से पहुंचे थे। बताया गया है कि बुधवार की दोपहर एक पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश बसवरिया चौक के पास लहेरिया कट स्टाईल में बाइक चला रहे थे। लगातार चक्कर काट रहे बदमाशों को देख स्थानीय लोगों ने रोकने की कोशिश की। इसके बाद बदमाश पिस्टल लहराते हुए भयादोहन करने लगे। इससे नाराज लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों को दबोच लिया।