जगह-जगह खुले नाले से बढ़ रहा मच्छरों का प्रकोप
शहर में जगह-जगह खुले नाले घरों के आसपास जमा पानी कूड़े-कचरे के ढेर के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है।
सीतामढ़ी। शहर में जगह-जगह खुले नाले, घरों के आसपास जमा पानी, कूड़े-कचरे के ढेर के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। जगह-जगह खुले नाले इसकी आबादी बढ़ाने में सहायक हो रहे हैं। लेकिन उससे निपटने के लिए सिस्टम सक्षम नहीं हो पा रहा है। मच्छरों के काटने से लोग कई बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। मच्छरों पर नियंत्रण के लिए कालाजार विभाग की ओर से जहां रूटिन के अनुरूप दवा का छिड़काव किया जाता है, वहीं नगर परिषद की ओर से फॉगिग मशीन चलाई जाती है। फॉगिग मशीन कभी-कभार चलने से मच्छरों पर नियंत्रण होना टेढ़ी खीर बनी हुई है। शहर के कई जगहों पर खुले नाले के कारण मच्छरों पर नियंत्रण नहीं हो पाता है।
नगर परिषद में नहीं है अलग से कोई बजट: शहर में मच्छरों पर नियंत्रण के लिए नगर परिषद के पास अलग से कोई बजट का प्रावधान नहीं है। शहर में कुल 28 वार्ड के अनुरूप यहां पर्याप्त फॉगिग मशीन है। नगर परिषद के पास 26 छोटी व दो बड़ी मशीन है। लेकिन इसमें से अधिकतर मशीन खराब रहने के फॉगिग नहीं हो पा रहा था। लेकिन हाल में कुछ मशीनों को दूरूस्त कर फॉगिग शुरू की गई है।
क्या कहते हैं लोग
वार्ड 28 के अभय कुमार ने कहा कि नप की व्यवस्था दूरूस्त नहीं रहने के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। नगर परिषद को सिर्फ टैक्स वसूलने में व्यस्त है तो मच्छर हमारा खून चूस रहा है। इधर, काफी समय से वार्ड में फॉगिग नहीं हुई है। हालांकि कालाजार उन्मूलन अभियान के समय मोहल्ले में दवा का छिड़काव किया गया था।
वार्ड 21 के मनीष कुमार का कहना है कि एक माह पूर्व मुख्य सड़क पर फॉगिग की गई थी। लेकिन नियमित अंतराल पर फॉगिग नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। जाड़ा का मौसम खत्म होते ही मच्छरों का प्रकोप अधिक हो गया है।
वार्ड 19 के विनोद कुमार का कहना है कि इधर, कभी-कभार ही फॉगिग की जाती है। स्लैबविहीन नाला एवं गंदगी के कारण मच्छरों की तादाद काफी संख्या में बढ़ती है।
वार्ड 26 के अशोक कुमार ने कहा कि उनके वार्ड में लंबे समय से फॉगिग नहीं हुई है। जगह-जगह खुले नाले के कारण मच्छरों का प्रकोप अधिक रहता है। शाम ढलते ही मच्छरों के प्रकोप से घर हो या बाहर रहना मुश्किल है।
वार्ड 13 के मनमोहन प्रसाद ने कहा कि खुले नाले एवं जगह-जगह जमा पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। गर्मी के धमक देते ही मच्छरों का प्रकोप और अधिक बढ़ गया है। नगर परिषद द्वारा कभी-कभी ही फॉगिग की जाती है। बारी-बारी से होती है फॉगिग
पूर्व में शहर के 28 वार्ड के लिए 28 फॉगिग मशीन की खरीदारी हुई थी। इसमें 26 छोटी व 2 बड़ी मशीन है। लेकिन बाद में अधिकतर मशीनें खराब हो गई। मशीन की वारंटी अवधि 2 साल भी समाप्त हो गया। हाल में कुछ मशीनों की मरम्मत कराई गई है। जिससे बारी-बारी से सभी वार्डों में फॉगिग कराई जा रही है।
--- दीपक झा, कार्यपालक अधिकारी, नगर परिषद, सीतामढ़ी