दो-तीन दिनों तक अभी कोल्ड डे और शीतलहर का प्रकोप, बर्फीली ठंड से जीना मुहाल
सीतामढ़ी। भीषण ठंड से फिलहाल कोई राहत की उम्मीद नहीं है। अगले तीन दिन तक कोल्ड डे अ
सीतामढ़ी। भीषण ठंड से फिलहाल कोई राहत की उम्मीद नहीं है। अगले तीन दिन तक कोल्ड डे और शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। मौसम विभाग ने एक तरह से अलर्ट जारी किया है और इस दौरान बिना जरूरी काम के घर से बाहर नहीं निकलने की नसीहत ही समझ लीजिए। बर्फीली ठंड ने जीना मुहाल कर रखा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी कि आज का अधिकतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 10.6 डिग्री कम है। जबकि, न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस, सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। भीषण शीतलहर चल रही है। हवा की रफ्तार छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटा है। शनिवार व रविवार को पछिया हवा तथा अन्य दिनों पूरबा हवा चलने की संभावना है। पछिया हवा चलने पर ठंड का वैसे भी एहसास अधिक होता है। जाहिर है ये दो दिन और भी कष्टदायी होंगे। सर्दी ने बिगाड़ी दिनचर्या, कामकाज प्रभावित
जैसे-जैसे सर्दी का जोर तेज होता जा रहा है। सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या खासी प्रभावित हो रही है। सुबह देर तक सूरज नहीं निकलने और तेज ठंड से दिनचर्या देर से शुरू हो रही है। शाम जल्दी ढलने से लोगों का कामकाज प्रभावित हो रहा है। सर्दी के आगे सूरज की तेजी भी मंद होती लग रही है। ऐसा लगने लगा है मानों सूरज केवल रोशनी देने का काम कर रहा है। धूप का जोर कम होने से ठंडी हवा नश्तर सी चूभ रही है। शाम ढलने के साथ ही सर्दी के तेवर तीखे हो रहे हैं। गलन बढ़ऩे से गर्म कपड़ों में भी लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। ठंड के चलते लोग शाम होते ही अपने घरों में दुबक जाते हैं, जिससे शहर की सड़कें सूनी रहने लगी हैं।