विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुर्गापूजा से छठ तक दरभंगा और सीतामढ़ी के रास्ते दिल्ली के लिए चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

Published: Wed, 30 Sep 2026 07:05 PM (IST)

Chhath Puja Special Train Bihar: त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने दरभंगा और ...और पढ़ें

एक स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी से दिल्ली और दूसरी दरभंगा से सीतामढ़ी होकर शकूरबस्ती (दिल्ली) तक चलाई जाएगी। फाइल फोटो

एक स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी से दिल्ली और दूसरी दरभंगा से सीतामढ़ी होकर शकूरबस्ती (दिल्ली) तक चलाई जाएगी। फाइल फोटो

संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Darbhanga Delhi Festive Special Train: दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ी राहत दी है।

पर्व-त्योहारों के अवसर पर यात्रियों के सुगम आवागमन के लिए दरभंगा और सीतामढ़ी के रास्ते दिल्ली के बीच दो जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन करने का निर्णय लिया गया है।

इनमें एक स्पेशल ट्रेन सीतामढ़ी से दिल्ली और दूसरी दरभंगा से सीतामढ़ी होकर शकूरबस्ती (दिल्ली) तक चलाई जाएगी।

दिल्ली-सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल

गाड़ी संख्या 04010 दिल्ली-सीतामढ़ी फेस्टिवल स्पेशल 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को दिल्ली से रात 23:05 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन अगले दिन बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए रात 23:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी।

वापसी का समय और मार्ग

वापसी में गाड़ी संख्या 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को सीतामढ़ी से देर रात 00:45 बजे खुलेगी। इसके बाद यह बैरगनिया, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज और बगहा रुकते हुए उसी दिन रात 20:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

शकूरबस्ती-दरभंगा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन

गाड़ी संख्या 04098 शकूरबस्ती-दरभंगा फेस्टिवल स्पेशल 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक मंगलवार को छोड़ सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह ट्रेन शकूरबस्ती से सुबह 09:20 बजे और नई दिल्ली से 10:10 बजे खुलकर अगले दिन बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, घोड़ासाहन, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल रुकते हुए रात 23:45 बजे दरभंगा पहुंचेगी।

वापसी का समय और ठहराव

वापसी में गाड़ी संख्या 04097 दरभंगा-शकूरबस्ती फेस्टिवल स्पेशल 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बुधवार को छोड़ सप्ताह में छह दिन दरभंगा से दोपहर 14:00 बजे प्रस्थान करेगी।

इसके बाद यह कमतौल, जनकपुर रोड, सीतामढ़ी, बैरगनिया, घोड़ासाहन, रक्सौल, सिकटा, नरकटियागंज और बगहा होते हुए अगले दिन शाम 18:00 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।

भीड़भाड़ से मिलेगी राहत

रेलवे अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान उत्तर बिहार से दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र जाने वाले यात्रियों की संख्या में काफी इजाफा होता है। इन स्पेशल ट्रेनों के शुरू होने से सीतामढ़ी, रक्सौल, मधुबनी और दरभंगा जिले के रेल यात्रियों को कंफर्म बर्थ और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी।

यह भी पढ़ें- 2 अक्टूबर से लहेरियासराय में रुकेगी नमो भारत, 5 से जोगबनी-दानापुर इंटरसिटी का भी दो मिनट का स्टॉपेज