होली में हुड़दंग मचाने वालों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
होली पर्व पर विधि व्यवस्था को लेकर चोरौत थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक हुई।
सीतामढ़ी। होली पर्व पर विधि व्यवस्था को लेकर चोरौत थाना परिसर में गुरुवार को शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसआइ महेश प्रसाद शर्मा ने की। उपस्थित लोगों ने पंचायत स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करने को कहा। एसआइ शर्मा ने कहा कि शराब बेचने वाले व डीजे बजा हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी, लेकिन आम लोगों का भी सहयोग मिलना चाहिए। उपस्थित दोनों समुदाय के लोगों ने सौहार्दपूर्ण पर्व मनाने की बात कही। मौके पर प्रमुख सतीश कुमार, एएसआइ अरविद कुमार, अजित कुमार, पंसस नरेश पासवान, जदयू अध्यक्ष ओमप्रकाश राय, मुखिया प्रतिनिधि राजू पाठक, नागेन्द्र मांझी, कमल किशोर पाठक, महेश झा, राजेश कुमार गुप्ता, फिरोज, एहसान, सद्दाम व नवल पासवान सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
मेजरगंज : रंगों का त्योहार होली को लेकर गुरुवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई। इसमें दोनों समुदाय के लोग शामिल हुए। होली का त्योहार शांतिपूर्ण व आपसी सौहार्द के साथ मनाने की बात उपस्थित लोगों ने कही। लोगों ने पुलिस से सीमावर्ती क्षेत्र होने से शराब बिक्री पर विशेष कार्रवाई करने का आग्रह किया। कहा गया कि होली के मौके पर शराब विवाद व हंगामा का कारण बनता है, इस पर एसएसबी व पुलिस प्रशासन विशेष ध्यान दे। होली के दिन इंडो-नेपाल सीमा को सील किया जाए। इसके अलावा हाई स्पीड बाइकर्स पर लगाम लगाने की भी मांग की। इसे थानाध्यक्ष ने गंभीरता से लेते हुए इस पर त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। थानाध्यक्ष ने कहा कि डीजे पर प्रतिबंध के बाद भी अगर कोई डीजे बजाते पकड़ा गया उस पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरसंड : कुम्मा ओपी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष मुरारी प्रसाद ने की। इसमें होली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की दोनों समुदाय के लोगों से अपील की गई। बैठक में युनिस सलिम, भिट्ठा ओपी प्रभारी रामविनय पासवान,सहायक अवर निरीक्षक उदय प्रताप सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि प्रो. रासनारायण यादव, समाजसेवी पुरन साह, राजेश कुमार, मुखिया मनोज कुमार, राजू साह, शहाबुद्दीन खां, नेहाल खां सहित दोनों समुदायों के दर्जनों लोग शामिल थे।