यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सीतामढ़ी के सोनबरसा में एक साथ पांच घरों में भीषण चोरी, 10 लाख की संपत्ति पर चोरों ने फेरा हाथ
सबसे अधिक संपत्ति स्व. राम गोविंद साह के पुत्र कृष्ण कुमार के घर से चोरी गई है। हाल में उनके ...और पढ़ें

सीतामढ़ी। थाना क्षेत्र अंतर्गत पुरंदाहा राजवाड़ा पूर्वी पंचायत स्थित मुसहरनिया गांव में चोरों ने गुरुवार रात एकसाथ पांच घरों को निशाना बनाया और तकरीबन 10 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर लिया। बॉर्डर एरिया में चोरी की घटनाओं की छानबीन के लिए पुलिस के साथ एसएसबी के पदाधिकारी भी पहुंचे। घंटों छानबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिल पाया। गृहस्वामियों द्वारा चोरी की घटनाओं की लिखित शिकायत नहीं की गई थी जिससे प्राथमिकी दर्ज नहीं हो पाई है। सबसे अधिक संपत्ति स्व. राम गोविंद साह के पुत्र कृष्ण कुमार के घर से चोरी गई है। हाल में उनके एक पुत्र की शादी हुई थी। दोनों बहु घर पर ही थीं, चोरों ने उनके कमरे से दो लाख नगद, जेवर सहित करीब चार लाख की संपत्ति उड़ाई। बुधन साह के घर से 45 हजार रुपये नकद, कृष्ण साह के घर से 25 हजार नकद व बेशकीमती कपड़े ले उड़े। संजय महतो के घर से सोने के जेवर, चांदी की पायल की चोरी, रामबाबू साह के घर से चोरों को कुछ हाथ न लग सका।
खोजी कुत्ता भी नहीं ढूंढ पाया चोरों का सुराग
सभी के घर एक दूसरे से बिल्कुल सटे हुए हैं। लोग अंदेशा जता रहे हैं कि छत के सहारे एक दूसरे के घर में प्रवेश कर चोरों ने बारी-बारी से हाथ मारा है। चोरी की घटना की जानकारी घर के सदस्यों को सुबह नींद से जगने पर हुई। एक-एक कर सभी पांचों घरों के लोग चोरी होने का शोर मचाने लगे तो आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मुखिया रितेश कुमार पहुंचे और उन्होंने सोनबरसा पुलिस को इतला किया। थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, पुअनि प्रवीण कुमार सशस्त्र बल के साथ पहुंचे। तब बारिश हो रही थी। थानाध्यक्ष की सूचना पर एसएसबी के खोजी कुत्ते को बुलाया गया। करीब एक घंटे तक खोजी कुत्ते की मदद से चोरों का सुराग ढूंढने का प्रयास किया गया। खोजी कुत्ता गांव के कब्रिस्तान के समीप जाकर ठहर गया। चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
चोरी की स्कूटी के साथ दो गिरफ्तार
परिहार। बेला पुलिस ने गुरुवार की रात बस स्टैंड से चोरी की स्कूटी के साथ दो चोर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नेपाल के महोतरी जिला अंतर्गत राम गोपालपुर थाना थाना क्षेत्र के टिमकिया गांव निवासी रघुनंदन दास एवं बलीरा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार दोनों ने चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि नेपाल के समसी बाजार से स्कूटी की चोरी की है। जानकारी के मुताबिक दोनों चोर गुरुवार की रात करीब आठ बजे बेला बस स्टैंड में बिना नंबर की एक टीवीएस स्कूटी बेचने की नीयत से आए थे। संदेह होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्कूटी जब्त कर दोनों को हिरासत में ले लिया।
