सामूहिक विवाह का हुआ आयोजन, कन्यादान कर दिया सामाजिक बदलाव का संकेत
सोनबरसा प्रखंड के युवाओं की टोली ने सामूहिक विवाह का आयोजन कर सामाजिक बदलाव की मिसाल पेश की है।
सीतामढ़ी। सोनबरसा प्रखंड के युवाओं की टोली ने सामूहिक विवाह का आयोजन कर सामाजिक बदलाव की मिसाल पेश की है। भुतही उच्च विद्यालय परिसर में बुधवार की रात भव्य सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इसमें 25 जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मान कर समाज के समक्ष सात फेरे लिए। इस सामूहिक विवाह में भारत और नेपाल के सैकड़ों लोगों ने भाग लिए। साथ ही नव दंपतियों को आशीर्वाद दिया। डीएम डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने भी आयोजन में शामिल होकर नव दंपतियों के सुखी जीवन की कामना की। साथ ही आयोजन के प्रति आभार जताया। बताते चलें कि भुतही स्थित जागेश्वर उच्च विद्यालय के छात्रावास मैदान में सजे भव्य जयमाला स्टेज पर बुधवार की रात 25 जोड़ों ने वरमाला डाले। परिसर में बनाए गए 25 मड़वा में वर-वधु की शादी वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। सामूहिक विवाह के मुख्य आयोजक शिक्षक विजय कुमार, आयोजन समिति सदस्य डॉ. बसंत कुमार मिश्रा, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. आरके प्रकाश, डॉ. आलोक कुमार, जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. राजीव रौशन, राजेश महतो, राकेश कुमार, भुतही मुखिया मनोज कुमार, ललित कुमार पंडित, रमेश महतो व संजय पूर्वे आदि ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।