यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dehradun News: देहरादून में पांव पसार रहा डेंगू, सोमवार को सामने आए चार नए मामले; सैंपलिंग का दायरा बढ़ाया
डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर एक भी दिन चैन नहीं लेने दे रहा है। दून में हर दिन डेंगू के ...और पढ़ें

देहरादून, जागरण संवाददाता: डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर एक भी दिन चैन नहीं लेने दे रहा है। दून में हर दिन डेंगू के नए मामले आ रहे हैं। सोमवार को भी जिले में चार लोग में डेंगू की पुष्टि हुई है। सिंगल मंडी, त्यागी रोड, निरंजनपुर व गुजराड़ा मानसिंह में एक-एक मामला आया है। यह सभी मरीज श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती हैं।
जिले में अब तक डेंगू के 32 मामले आए हैं, जिनमें 18 मरीज स्वस्थ भी हो चुके हैं। वर्तमान में 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि तीन घर पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इधर, डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपलिंग का दायरा भी लगातार बढ़ाया जा रहा है, जिन क्षेत्रों में डेंगू के मामले मिल रहे हैं। वहां पर बुखार आदि से पीड़ित लोग की भी जांच की जा रही है। सोमवार को भी एलाइजा जांच के लिए 170 सैंपल लिए गए।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि डेंगू की रोकथाम के लिए हर स्तर पर कदम उठाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम विभिन्न क्षेत्रों में जागरुकता अभियान चला रहे हैं, जिन स्थानों पर मच्छर का लार्वा मिल रहा है। उसे मौके पर ही नष्ट किया जा रहा है। साथ ही क्षेत्रों में नियमित रूप से दवा का छिड़काव व फागिंग की जा रही है।
