सीतामढ़ी में राज्यपाल ने पुनौराधाम में की पूजा अर्चना, मंदिर निर्माण की प्रगति का लिया जायजा
बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन ने अपनी पत्नी के साथ सीतामढ़ी के पुनौराधाम का दौरा किया। उन्होंने ...और पढ़ें

पुनौरा में निर्माणाधीन माता सीता के भव्य और दिव्य मंदिर परिसर का परिभ्रमण करने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
HighLights
राज्यपाल ने पत्नी संग पुनौराधाम में माता सीता के दर्शन किए।
निर्माणाधीन मंदिर कार्यों की बिंदुवार समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए।
धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Bihar Governor Sitamarhi Visit: बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन अपनी पत्नी सबीहा हसनैन के साथ बुधवार को हवाई मार्ग से सीतामढ़ी पहुंचे।
इसके बाद वे प्रसिद्ध पुनौराधाम पहुंचे, जहां काष्ठ मंडपम में स्थापित माता सीता के दर्शन-पूजन के साथ भावपूर्ण आरती की। पुनौरा में निर्माणाधीन माता सीता के भव्य और दिव्य मंदिर परिसर का परिभ्रमण करने के बाद उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा
समीक्षा बैठक के बाद राज्यपाल ने मीडिया से संक्षिप्त बातचीत के दौरान अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि पुनौरा धाम का विकास धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने और रामायण सर्किट को विकसित करने में मददगार साबित होगा।
इसके साथ ही यह भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को प्रगाढ़ बनाने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंदिर परिसर का प्रबंधन
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा, श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन और बेहतर प्रबंधन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि 12 मार्च को पटना पहुंचने पर बिहार की पावन धरती पर उनका स्वागत किया गया था।
आज सीतामढ़ी आने पर सचमुच अहसास हुआ कि बिहार की धरती पावन है और वे यहां बार-बार आना चाहेंगे। निर्माण कार्य देखने के बाद उन्होंने कहा कि काम बिल्कुल तय समय पर चल रहा है।
निर्माण कार्यों की समीक्षा
अहलुवालिया कंस्ट्रक्शन के सभा कक्ष में उन्होंने मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की। इस अवसर पर अधिकारियों ने पीपीटी के माध्यम से मंदिर निर्माण की अद्यतन प्रगति की पूरी जानकारी दी।
बैठक में मिथिला हाट, योग मंडप, चारदीवारी निर्माण, सड़क, सीता रसोई, पीठाधीश्वर निवास, कैफेटेरिया, संत निवास और मंदिर के गर्भगृह निर्माण की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया गया।
अधिकारियों को निर्देश जारी
राज्यपाल ने अधिकारियों को सभी निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने का कड़ा निर्देश दिया। इस समीक्षा बैठक में राज्य की खेल व उद्योग सह जिले की प्रभारी मंत्री श्रेयसी सिंह और सांसद देवेश चंद्र ठाकुर मौजूद रहे।
इनके अलावा परिहार विधायक गायत्री देवी, डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी अमित रंजन समेत कई अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
इससे पूर्व राज्यपाल दंपत्ति हवाई मार्ग से डुमरा स्थित परित्यक्त हवाई अड्डा मैदान पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुनौरा धाम पहुंचे।
राज्यपाल के आगमन को लेकर हवाई अड्डा मैदान से लेकर पुनौरा धाम तक पूरे मार्ग में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।