गणतंत्र दिवस पर निकलेगी आकर्षक झांकी
सीतामढ़ी। पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस पर शान के साथ तिरंगा लहराएगा। मुख्य कार्यक्रम डुमरा हवाई अड्डा मैदान में होगा।
सीतामढ़ी। पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी गणतंत्र दिवस पर शान के साथ तिरंगा लहराएगा। मुख्य कार्यक्रम डुमरा हवाई अड्डा मैदान में होगा। इस दौरान परेड और झांकी आकर्षण का केंद्र होगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। गणतंत्र गणतंत्र दिवस पर शहर के स्मारकों व महापुरूषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कर माल्यार्पण किया जाएगा। गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में तैयारी संबंधित सभी बिदुओं पर डीएम ने विस्तार से चर्चा की। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया। इसके तहत डीडीसी को प्रभात फेरी, परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम की जिम्मेदारी दी गई। मंच संचालन व सम्मान कार्य आदि का जिम्मा एडीएम मुकेश कुमार को दिया गया। बैठक में फैंसी मैच का भी आयोजन कराने का निर्णय लिया गया। डीएम ने गणतंत्र दिवस के दिन शहर के सभी स्मारकों व महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई व माल्यार्पण के लिए नगरपरिषद के कार्यपालक पदाधिकारी व एलडीएम को संयुक्त रूप से जवाबदेही दी गई। डीएम ने महादलित टोलों में झंडोत्तोलन की तैयारियों की भी समीक्षा कर कई आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार झांकी की थीम जल-जीवन-हरियाली पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने इस अवसर पर यातायात व्यवस्था की जवाबदेही जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को सौपी। जबकि शहर की साफ-सफाई का जिम्मा कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया।