विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 18, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जय माता दी के जयघोष से गूंजा इलाका

By Edited By:
Published: Sun, 18 Oct 2015 11:24 PM (IST)

सीतामढ़ी। नवरात्र को लेकर अब तक आस्था का जो जन सैलाब मंदिर व पूजा पंडालों तक सीमित था, वह रविवार को

News Article Hero Image

सीतामढ़ी। नवरात्र को लेकर अब तक आस्था का जो जन सैलाब मंदिर व पूजा पंडालों तक सीमित था, वह रविवार को सड़क पर निकल आया। जय माता दी के जयघोष, ढोल-बाजों की धुन, हाथी - घोड़ों व रथ के साथ परंपरागत परिधान में सिर पर कलश व हाथ में रंग-बिरंगे पताका लिए कन्याओं द्वारा मां की डोला के साथ निकली कलश शोभा यात्रा से इलाका भक्तिमय हो गया। चारों ओर श्रद्धा व भक्ति से लोग भाव विभोर हो रहे थे। सीतामढ़ी शहर समेत विभिन्न इलाका भक्ति रस में डूबा रहा। बेल पूजन को निकली विशाल कलश शोभा यात्रा से शहर की रफ्तार थम गई। जय माता दी के जयघोष के साथ मां दुर्गा की सजीव झांकी, हाथों में परंपरागत शस्त्र, ढोल-ताशा व वाद्य यंत्रों की धुन के साथ लाल, पीले परिधान में सजी सैकड़ों कन्याओं द्वारा कलश शोभा यात्रा निकाली गई। बेल पूजन के अवसर पर निकली शोभा यात्रा में शामिल लोग पूरी तरह भक्ति में डूबे रहे। एक ओर जहां मां की जयकार हो रहीं थी, वहीं दूसरी ओर लोग परंपरागत शस्त्र प्रदर्शन कर रहे थे। रविवार को जानकी जन्मस्थली पुनौरा धाम परिसर स्थित मां दुर्गा पूजा समिति, अस्पताल रोड स्थित मां पूजा समिति व न्यु नवजागरण पूजा समित कपरौल रोड द्वारा विशाल कलश शोभा यात्रा निकाली गई।

प्रखंडों से भी निकाली कलश शोभायात्रा

रीगा : नवरात्र के छठे दिन प्रखंड मुख्यालय स्थित मील बाजार मारकेश्वर नाथ मंदिर परिसर में आयोजित दुर्गा पूजा को लेकर नवयुवक पूजा समिति के बैनरतले विशाल बेल न्योतन कलश शोभा यात्रा निकाली गई। सैकड़ों की भीड़ व माता के जयकारे लगाते हुए कलश शोभा यात्रा बागमती नदी के राजदेवी घाट से बेल पूजन कर पूजन स्थल तक पहूंची। इस दौरान चंदन कुमार, संजय कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, व नारायण राय आदि मौजूद थे। बैरगनिया : बैरगनिया शहर में अशोगी पूजा समिति के बैनरतले देवी के स्वरूपों की भव्य झांकी के साथ विशाल कलश शोभा यात्रा निकाल बेल न्योतन पूजन किया गया। इस दौरान गाजे - बाले क धुन पर माता के जयकारे लगते रहे। वहीं शिवालय मंदिर, दुर्गा पथ, मनोहर बाबा मंदिर, बौद्धि माता मंदिर, बाबा लाल दास मठ डुमरवाना व डुमरवाना गोट स्थित पूजा समितियों द्वारा भी विशाल बेल न्योतन जुलूस निकाली गई।

बाजपट्टी : नवरात्र के अवसर पर बनगांव बाजार पूजा समिति, मधुबन बाजार पूजा समिति व बनगांव गोट पूजा समिति समेत विभिन्न पूजा समितयों द्वारा गाजे - बाजे के साथ बेल न्योतन को कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस दौरान इलाका भक्तिमय होता दिखा। वहीं सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात रहे।बेलसंड : नवयुवक पूजा समिति भोरहा बाजार द्वारा रविवार को बेल न्योतन के लिए 951 कन्याओं की विशाल कलश शोभा यात्रा निकाली गई। बेल न्योतन को गो - बाजे के साथ निकली शोभा यात्रा इलाके के प्रमुख स्थानों से गुजरते हुए पुन: आयोजन स्थल पहुंची। मौके पर अध्यक्ष राम बचन पासवान, शिव शंकर कुमार, सुनील साह, नंद किशोर प्रसाद समेत दर्जन लोग मौजूद थे।

ज्यादातर इलाकों में बेल पूजन आज, प्रशासनिक तैयारी पूरी

डुमरा (सीतामढ़ी), संवाद सूत्र : नवरात्र को लेकर आस्था का जुनून अब परवान चढऩे लगा है। श्रद्धा, भक्ति और आस्था की बह रही त्रिवेणी से पूरा इलाका उत्सव के समंदर में डूबने लगा है। पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा अर्चना जारी है। जिले के तमाम इलाकों में जय माता की जयघोष गूंजने लगी है। रविवार को मां के पांचवे स्वरूप दैहिक, दैविक व भौतिक संकटों से मुक्ति प्रदान करने वाली ¨सह पर सवार चार भुजाओं वाली मां स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई। नवरात्र के तहत सोमवार को जहां माता के छठे स्वरूप की पूजा अर्चना होंगी, वहीं बेल न्योतन होगा। इस अवसर पर जिले के विभिन्न पूजा समितियों द्वारा विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी। गाजे बाजे की धुन, माता के जयकारा, परंपरागत शस्त्र प्रदर्शन के साथ अपार भीड़ बेल न्योतन के लिए निकली शोभा यात्रा में शामिल होंगे। कन्याओं द्वारा सर पर कलश लेकर बेल न्योतन के समय नदी से जल लाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जिले के तमाम इलाकों में बेल न्योतन को लेकर दंडाधिकारियों के नेतृत्व में सशस्त्र बलों की तैनाती की गई है। प्रशासन द्वारा विभिन्न पूजा समितियों को शोभा यात्रा निकालने के लिए समय रुट निर्धारित किया गया है। हर रुट में सशस्त्र बल तैनात किए गए है। साथ ही शोभा यात्रा के दौरान वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है।

सिद्धि व शक्ति के लिए तंत्र साधना जारी : नवरात्र के साथ ही इलाके में सिद्धि व शक्ति के लिए तंत्र साधना का दौर शुरू हो गया है। बैरगनिया, सुप्पी, सुरसंड व पुपरी के अलावा मुख्यालय डुमरा के कई इलाकों में तांत्रिक सक्रिय है जो न केवल तंत्र साधना में लगे है, बल्कि तंत्र व मंत्र के जरिए प्रेत बाधा समेत विभिन्न परेशानियों का भी निवारण करने में लगे है। मुख्यालय डुमरा के आरक्षी केंद्र के पास तांत्रिक गिरधर गोपाल चौबे द्वारा भी तंत्र साधना जारी है। जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे है।