यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
शेखपुरा से विजय बने सम्राट तो बरबीघा में चला सुदर्शन
शेखपुरा। शेखपुरा जिले के दोनों विधानसभा का चुनाव परिणाम देर शाम सामने आ गया। शेखपुरा विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल ...और पढ़ें

शेखपुरा। शेखपुरा जिले के दोनों विधानसभा का चुनाव परिणाम देर शाम सामने आ गया। शेखपुरा विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी विजय सम्राट ने लगभग 8000 मतों से दो बार से विधायक रहे जदयू के प्रत्याशी रणधीर कुमार सोनी को पराजित किया जबकि बरबीघा विधानसभा में हुए रोमांचक मुकाबले में जदयू के प्रत्याशी सुदर्शन कुमार ने कांग्रेस के प्रत्याशी गजानंद शाही को 113 मतों से पराजित किया।
शेखपुरा विधानसभा में 10 चक्र तक जदयू के प्रत्याशी रणधीर कुमार आगे रहे जबकि उसके बाद राजद के प्रत्याशी ने बढ़त बना ली और जीत दर्ज कर ली। विजय सम्राट ने अपनी जीत को ऐतिहासिक बताया है। उधर बरबीघा विधानसभा में कांग्रेस के प्रत्याशी गजानंद शाही ने शुरुआत से अपनी बढ़त बनाए रखी और 20 राउंड तक बढ़त में रहने के बाद शेखपुरा प्रखंड के कुछ पंचायतों में पीछे चले गए। अंतत: रोमांचक मुकाबला तब हो गया जब चार ईवीएम के खराब होने पर उसकी गिनती वीवीपैट पर्ची से की गई। गिनती में मामला आकर मन्दना गांव के बीच अटक गया। यहां तक कांग्रेस प्रत्याशी 56 वोट से आगे थे। मन्दना गांव के गिनती के बाद सुदर्शन कुमार 113 वोट से आगे निकलते हुए कांग्रेस प्रत्याशी को पराजित कर दिया। समाचार लिखे जाने तक परिणामों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ----
बरबीघा में एक-एक वोट की रही कीमत
बरबीघा विधानसभा में एक-एक वोट की कीमत तब सामने आई जब ईवीएम खराब होने के बाद वीवीपैट से गिनती शुरू हुई। इस बीच कभी कांग्रेस प्रत्याशी आगे तो कभी जदयू प्रत्याशी आगे होते रहे। सभी लोग चुनाव परिणाम जानने के लिए एक दूसरे को मोबाइल पर संपर्क करते देखे गए। अंतत: मंदना गांव के वोटरों ने सुदर्शन कुमार को जीत का सेहरा पहना दिया। ----
सुदर्शन की जीत में कई दिग्गजों की हुई हार
बरबीघा से सुदर्शन कुमार की जीत ने कई मायने में कई दिग्गजों को पराजित भी कर दिया। गजानंद शाही के समर्थन में बरबीघा की राजनीति के कई दिग्गज साथ में रहे। जिसमें पूर्व निर्दलीय प्रत्याशी रहे त्रिशूल धारी सिंह बरबीघा नगर परिषद के सभापति रोशन कुमार और नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजवादी नेता शिवकुमार का नाम प्रमुख है। सभी लोगों के समर्थन के बावजूद 113 मतों से गजानंद शाही को हार का सामना करना पड़ा।
--
लोजपा ने परिणाम को किया प्रभावित
लोजपा के बरबीघा से प्रत्याशी मधुकर कुमार ने चुनाव परिणाम को काफी प्रभावित किया। 19 हजार मत लाने वाले लोजपा प्रत्याशी मधुकर कुमार को बाजार में अच्छा खासा वोट मिला। मधुकर में राजनीति में अपनी मजबूत दावेदारी दे दी।
