ट्रेन के ठहराव को स्टेशन पर की भूख हड़ताल
भागलपुर से दिल्ली तक चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शेखपुरा में ठहराव नहीं दिये जाने के खिलाफ क्षेत्र के लोगों में असंतोष पैदा होने लगा है। इसी असंतोष को प्रदर्शित करने के लिए मंगलवार को शेखपुरा स्टेशन पर सामूहिक भूख हड़ताल का आयोजन किया गया।
शेखपुरा । भागलपुर से दिल्ली तक चलने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का शेखपुरा में ठहराव नहीं दिये जाने के खिलाफ क्षेत्र के लोगों में असंतोष पैदा होने लगा है। इसी असंतोष को प्रदर्शित करने के लिए मंगलवार को शेखपुरा स्टेशन पर सामूहिक भूख हड़ताल का आयोजन किया गया। यह हड़ताल सामाजिक न्याय एकता मंच के बैनर तले आयोजित की गई। इसमें क्षेत्र के लोगों ने दलगत राजनीति से उपर उठकर इसमें अपनी भागीदारी दी तथा इस लड़ाई को दिल्ली तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया। भूख हड़ताल की अगुवाई कर रहे जदयू के वरिष्ठ नेता तथा सामाजिक न्याय एकता मंच के अध्यक्ष प्रो राजेंद्र यादव ने कहा कि पिछले आठ महीने से यह ट्रेन शेखपुरा-नवादा होकर चल रही है, मगर जिला मुख्यालय शहर शेखपुरा में इस ट्रेन का ठहराव नहीं दिया गया है। इससे शेखपुरा ही नहीं आस-पास के जिलों के यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कहा कि इस ट्रेन का ठहराव दिलाने के लिए जनता की लड़ाई दिल्ली तक लड़ी जायेगी। इस ट्रेन का शेखपुरा स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से भूख हड़ताल में शामिल कई लोगों ने क्षेत्र के सांसद तथा विधायक को भी कठघरे में खड़ा किया। भूख हड़ताल में प्रो शिवदानी यादव, डॉ उमेश पंडित, प्रो रामसेवक पांडे, राजू चौधरी, महेंद्र यादव, रामकृपाल सिंह यादव, विजय मंडल, प्रो प्रभाकर सिंह, प्रो ललन, रामानंद गुप्ता, राहुल कुमार, जयदेव कुमार, बबीता देवी, आशा देवी आदि भी शामिल हुए। भूख हड़ताल के बाद ट्रेन के ठहराव सहित रेल सुविधा एक विस्तार से संबंधित मांगों का फैक्स रेल मंत्री भी भेजा गया।