विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शेखपुरा-बिहारशरीफ रूट पर 20 सितंबर से दौड़ेगी पूर्वा और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, भागलपुर वालों के लिए भी गुड न्यूज

Published: Mon, 14 Sep 2026 06:00 PM (IST)

शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ रेलखंड 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक हावड़ा-पटना रूट की कई ट्रेनों के अस्थायी परिचालन के कारण व्यस्त रहेगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. शेखपुरा-बरबीघा रेलखंड 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक व्यस्त रहेगा।

  2. हावड़ा-पटना रूट की कई ट्रेनें अस्थायी रूप से डायवर्ट की जाएंगी।

  3. शेखपुरा जंक्शन पर कुछ ट्रेनों के ठहराव की संभावना है।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। एक सप्ताह बाद 20 सितंबर से शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ रेलखंड काफी व्यस्त हो जाएगा। इसी मार्ग से हावड़ा-पटना रूट की कई रेलगाड़ियों का परिचालन किया जाएगा।

हालांकि, मेन लाइन की रेलगाड़ियों का यह परिचालन स्थायी नहीं अस्थाई रूप से होगा। मेन लाइन की गाड़ियों का यह अस्थाई परिचालन 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने की सूचना है।

इस संबंध में मिली अनाधिकृत जानकारी के मेन लाइन में क्यूल और मोकामा के बीच हाथीदह में बने नए रेल पुल को मेन लाइन के रेलवे ट्रैक से जोड़ने के लिए होने वाले आवश्यक कार्य के लिए कई रेलगाड़ियों के मार्ग में अस्थाई रूप से परिवर्तन किया गया है।

इस कारण अप और डाउन में कई प्रमुख रेल गाड़ियों को क्यूल-लखीसराय से शेखपुरा-बरबीघा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर रूट के माध्यम से परिचालन किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार दिल्ली-हावड़ा पूर्वा सुपरफास्ट के साथ पाटलीपुत्र एक्सप्रेस,इंटरसिटी सहित दो दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण रेल गाड़ियों का परिचालन किया जाएगा।

इसमें से कुछ रेल गाड़ियों का ठहराव शेखपुरा जंक्शन पर भी दिये जाने की सूचना है। इस संबंध में रेलवे के स्थानीय अधिकारियों ने बताया इस तरह की सूचना मीडिया के माध्यम से मिली है, मगर अभी तक कोई आधिकारिक पत्र नहीं आया है।

आधिकारिक पत्र आने पर ही यह भी पता चलेगा कि किन ट्रेनों का ठहराव शेखपुरा जंक्शन पर मिला है। उसी के अनुसार स्थानीय स्तर पर तैयारी की जाएगी।

फाटकों पर बढ़ेगी समस्या

मेन लाइन की रेलगाड़ियों का परिचालन बढ्ने से शेखपुरा के रेलवे फाटकों पर जमा की समस्या भी बढ़ेगी। शेखपुरा नगर क्षेत्र में 5 रेलवे क्रासिंग (फाटक) हैं,मगर किसी पर रेल ओवर ब्रिज नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया अभी ही क्यूल-गया रेलखंड की सवारी गाड़ियों के साथ माल गाड़ियों के परिचालन से क्रासिंग पर फाटक बंद रहते हैं, जिसके कारण फाटक के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जमा लगता है।

अब मेन लाइन की रेलगाड़ियों के अस्थाई परिचालन से फाटकों के बंद होने की संख्या और बढ़ जाएगी,जिससे क्रासिंगों पर वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा। इधर स्थानीय नागरिकों ने अस्थाई परिचालन वाली रेलगाड़ियों का ठहराव शेखपुरा जंक्शन पर देने की मांग उठाई है।

दिल्ली के लिए 10 से विशेष रेल

पर्व-त्योहार को लेकर रेलवे बोर्ड ने भागलपुर और दिल्ली जंक्शन के बीच विशेष एक्सप्रेस रेलगाड़ी का परिचालन करेगा। यह परिचालन 10 अक्टूबर से 27 नवंबर तक होगा।

यह रेल शेखपुरा-गया होकर चलेगी और शेखपुरा जंक्शन पर इसका ठहराव दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली जंक्शन से यह रेल सुबह 11.45 चलकर अगले दिन सुबह 8.55 बजे शेखपुरा पहुंचेगी और दो मिनट के ठहराव के बाद क्यूल होते हुए भागलपुर के लिए रवाना होगी।

वापसी में यह रेल भागलपुर से संध्या 4.30 बजे चलकर संध्या 7.40 बजे शेखपुरा पहुंचेगी और कल होकर रात्रि 8.10 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी।   

यह भी पढ़ें- ट्रेन की खुली खिड़की बन सकती है 'काल': सीमांचल हादसे के बाद भी नहीं चेता रेलवे, जननायक एक्सप्रेस में दिखी बड़ी लापरवाही