उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLM का नेता ठगी के आरोप में गिरफ्तार, शेखपुरा से उठा ले गई मुंबई पुलिस
रालोमो नेता उमेश कुमार सुमन को मुंबई पुलिस ने शेखपुरा से 3.25 करोड़ रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार ...और पढ़ें

रालोमो नेता उमेश कुमार सुमन। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। रालोमो नेता उमेश कुमार सुमन को मुंबई पुलिस ने सवा 3 करोड़ रुपये की ठगी में गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस की विशेष टीम ने शेखपुरा पुलिस के सहयोग से उमेश सुमन को शेखपुरा से गिरफ्तार किया है।
शेखपुरा थाना के एसएचओ धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि फर्जी NGO चलाने और उसके लिए धन जुटाने के नाम पर मुंबई के कई बड़े लोगों से सवा तीन करोड़ रुपये ठगी करने के आरोप में उमेश कुमार सुमन को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करके मुंबई पुलिस उमेश को अपने साथ मुंबई ले गई। इस बड़ी ठगी को लेकर उमेश सुमन के विरुद्ध मुंबई के हवाई अड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज है।
रालोमो के (Upendra Kushwaha Party नेता उमेश कुमार सुमन ठगी के मामले में पहले भी जेल जा चुके हैं। दो वर्ष पूर्व पुलिस ने शेखपुरा में स्कार्पियो तथा बड़ी नकदी राशि के साथ उमेश को गिरफ्तार किया गया था। तब उनपर रुपया दोगुना करने वाला गिरोह चलाने का आरोप लगा था।
शेखपुरा के टाल क्षेत्र का मूल निवासी उमेश सुमन पिछले कई वर्षों से शेखपुरा नगर क्षेत्र के बुधौली धोबघट्टा में अपना घर बनाकर रहता है।
एसएचओ ने बताया मुंबई पुलिस की विशेष टीम ने शेखपुरा पुलिस के सहयोग से उमेश को उसके घर के पास से ही गिरफ्तार किया। पुलिस की छापेमारी के दौरान भी उमेश ने पुलिस को चकमा देकर भागने का प्रयास किया,मगर उसे दबोच लिया गया।
क्या है मामला?
काफी समय से रालोमो से जुड़े तथा पार्टी के जिला सहसंयोजक की कुर्सी संभाल रहा उमेश शातिर दिमाग का व्यक्ति बताया जाता है। समाज में सफेदपोश बनकर गलत कार्यों से रुपया कमाना इसकी विशेषता रही है।
दो वर्ष पूर्व रुपया दोगुना करने के आरोप में बड़ी नकदी के साथ पकड़े जाने के बाद उमेश फर्जी एनजीओ चलाने का चोखा धंधा पकड़ लिया था।
एनजीओ चलाने के नाम पर बड़े-बड़े शहरों में अपना जाल फैलाकर बड़े व्यवसायियों को फंसाने का काम शुरू कर दिया। इसमें एनजीओ के माध्यम से गरीबों के बीच सहायता पहुंचाने के लिए एनजीओ की पूंजी जुटाने की खातिर उधारी पर बड़े लोगों से मोटी राशि लेता था तथा बाद में रुपया वापस करने के नाम पर उन्हें अपने अड्डे पर बुलाकर हथियार के बल पर रुपया वसूल पाने के दस्ताबेज पर जबरन हस्ताक्षर करा लेता था।
इस तरह की घटनाओं को लेकर मुंबई के तीन बड़े कारोबारियों ने मुंबई में उमेश सुमन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन्हीं प्राथमिकियों पर कार्रवाई करते हुए मुंबई पुलिस ने उमेश कुमार सुमन को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस उमेश के गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने के प्रयास में लगी है।
