विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'डीएम साहब, मैं रीवा का एसपी बोल रहा हूं...', शेखपुरा प्रशासन को भी बनाया निशाना, 10 हजार की ठगी

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:11 PM (GMT+05:30)

मध्य प्रदेश के रीवा के एसपी बनकर एक साइबर ठग ने शेखपुरा जिला प्रशासन को 10 हजार रुपये का चूना ...और पढ़ें

शेखपुरा डीएम के मोबाइल पर साइबर फ्रॉड ने क‍िया कॉल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

शेखपुरा डीएम के मोबाइल पर साइबर फ्रॉड ने क‍िया कॉल। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. रीवा एसपी बनकर ठग ने डीएम को फोन किया।

  2. सड़क हादसे में युवती की मौत का बहाना बनाया।

  3. श्रम अधीक्षक से क्यूआर कोड से 10 हजार ठगे।

जागरण संवाददाता, शेखपुरा। 'डीएम साहब, मैं मध्य प्रदेश के रीवा का एसपी बोल रहा हूं। शेखपुरा की एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई है।

उसका शव बिहार भेजना है। एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई है, लेकिन शव सुरक्षित रखने के लिए आइसबैग की जरूरत है। इसके लिए 10 हजार रुपये भेज दीजिए।'

कुछ इसी अंदाज में फोन पर बात कर साइबर ठग ने शेखपुरा जिला प्रशासन को ही 10 हजार रुपये का चूना लगा दिया। खुद को रीवा का एसपी बताने वाले ठग ने क्यूआर कोड भेजकर श्रम विभाग से रकम अपने खाते में मंगा ली।

दिलचस्प यह कि साइबर ठगी से लोगों को बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने वाला जिला प्रशासन खुद ठग की कहानी में उलझ गया।

प्रभारी जिलाधिकारी सह एडीएम लखिन्दर पासवान ने बुधवार को इस घटना की जानकारी दी। श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने भी ठगी की पुष्टि की है।

युवती की मौत और शव भेजने की गढ़ी कहानी

श्रम अधीक्षक के अनुसार, 12 नवंबर को एक व्यक्ति ने डीएम को फोन किया। उसने अपना परिचय मध्य प्रदेश के रीवा का एसपी बताते हुए कहा कि शेखपुरा की 22 वर्षीय युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई है।

उसका शव शेखपुरा भेजने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई है, लेकिन शव को सुरक्षित रखने के लिए आइसबैग खरीदना होगा।

डीएम ने इस नंबर पर बात करने के लिए श्रम अधीक्षक को कहा। इसके बाद ठग ने उनसे संपर्क किया और आइसबैग के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे।

उसने भुगतान के लिए मोबाइल पर क्यूआर कोड भेज दिया। श्रम अधीक्षक ने उस क्यूआर कोड को स्कैन कर 10 हजार रुपये भेज दिए।

शव का ब्योरा मांगा तो बंद हो गया मोबाइल

ठगी का राज तब खुला, जब भुगतान के बाद श्रम अधीक्षक ने दोबारा फोन कर मृत युवती का पूरा ब्योरा मांगा। इसके बाद खुद को रीवा का एसपी बताने वाले व्यक्ति ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।

संदेह होने पर श्रम अधीक्षक ने फोन नंबर की जांच कराई। पता चला कि यह नंबर पहले से गृह मंत्रालय के राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज है।

इसके बाद शेखपुरा साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।

साइबर ठगों ने बदला ठगी का तरीका

इस घटना में ठग ने किसी अनजान व्यक्ति को नहीं, बल्कि प्रशासनिक अधिकारियों को निशाना बनाया। दूसरे राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का परिचय देकर उसने हादसे में मौत की कहानी गढ़ी और मानवीय संवेदना का फायदा उठाया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।