'पहले ले जाते थे तो नकल होती थी...' शेखपुरा में मोबाइल पर सख्ती पर भड़के छात्र, कॉलेज में पुलिस तैनात
शेखपुरा के आरडी कॉलेज में स्नातक परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन ले जाने से रोकने पर छात्रों ने जमकर हंगामा किया।

गेट के बाहर हंगामा करते परीक्षार्थी। (जागरण)
HighLights
परीक्षा में मोबाइल फोन ले जाने से रोकने पर छात्रों का हंगामा।
हंगामे को नियंत्रित करने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस बुलाई।
मोबाइल प्रतिबंध के विरोध में कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा के आरडी कॉलेज में चल रही मुंगेर विश्वविद्यालय की स्नातक सेमेस्टर 6 की परीक्षा में सोमवार को परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया।
यह हंगामा परीक्षा हाल में मोबाइल फोन ले जाने से रोकने पर हुआ। परीक्षार्थी इस बात से नाराज थे कि पहले मोबाइल अंदर ले जाते थे तो नकल करने में बनता था, इस बार रोक दिया गया।
हंगामे को नियंत्रण करने के लिए कॉलेज प्रबंधन को पुलिस बुलानी पड़ी। मोबाइल फोन ले जाने से रोकने के विरोध में कई परीक्षार्थियों ने परीक्षा का बहिष्कर भी किया।
इस संबंध में आरडी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. शहाबउद्दीन ने बताया स्नातक की परीक्षा के लिए शेखपुरा के आरडी कॉलेज में जमुई जिला के लोहंडा कॉलेज और लखीसराय कॉलेज का परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
सोमवार को लोहंडा कॉलेज के परीक्षार्थी परीक्षा में मोबाइल फोन ले जाने की जिद कर रहे थे। इसी का विरोध करने पर परीक्षार्थियों ने हंगामा किया।
मोबाइल फोन ले जाने से रोकने पर कई परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल भी नहीं हुए। प्राचार्य ने बताया कुछ परीक्षार्थी दबाब बनाकर परीक्षा में कदाचार की छूट चाहते हैं। बता दें कि बरबीघा में भी यही हुआ था जिसके बाद बरबीघा कॉलेज से केन्द्र को हटा लिया गया।
