जदयू जिलाध्यक्ष का निर्णय अब पटना से होगा
जिला जदयू के चुनाव के लिए किसी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। अब जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा पार्टी के राज्य मुख्यालय से किया जायेगा। जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करके का समय निर्धारित था।
शेखपुरा । जिला जदयू के चुनाव के लिए किसी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। अब जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा पार्टी के राज्य मुख्यालय से किया जायेगा। जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करके का समय निर्धारित था। इसके लिए पार्टी के निर्वाची पदाधिकारी के साथ सभी प्रमुख लोग उपस्थित हुए। मगर निर्धारित समय तक किसी ने अपना नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके पहले पार्टी के जिला कार्यालय में प्रमुख लोगों ने बैठक भी की। बैठक में किसी एक पर सर्वानुमति बनाने का भी प्रयास किया गया है, मगर यह प्रयास भी काम नहीं आया। इस बैठक में विधायक रंधीर कुमार सोनी, पार्टी के प्रदेश महासचिव अंजनी कुमार भी शामिल हुए। बैठक में जिलाध्यक्ष अध्यक्ष डॉ अर्जुन प्रसाद ने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा सबके सामने रखा। इस बाबत पार्टी के जिला निर्वाची पदाधिकारी दयानंद चौधरी ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल नहीं होने की वजह से सब शेखपुरा में जिलाध्यक्ष का निर्णय पटना से किया जायेगा। राज्य मुख्यालय से ही किन्हीं को मनोनीत किया जायेगा। बताया कि जिलाध्यक्ष के चुनाव के लिए बुधवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे से दोपहर के डेढ़ बजे तक नामांकन दाखिल करने का समय निर्धारित किया गया था। मगर किसी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। इधर अब मनोनयन की बात सामने आने के बाद पार्टी के कई चेहरे जिलाध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के लिए अपनी लाबिग पक्की करने पटना रवाना भी हो गये।