विषाक्त प्रसाद खाने से 40 से अधिक लोग बीमार, हालत खतरे से बाहर
बिहार के शेखपुरा जिले में विषाक्त प्रसाद खाने से करीब 40 लोग बीमार पड़ गए। सभी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हालत खतरे से बाहर है।
शेखपुरा [जेएनएन]। बिहार के शेखपुरा जिले में शुक्रवार को विषाक्त प्रसाद खाने से चालीस से अधिक लोग बीमार हो गये। बीमार लोगों ने दो तिहाई से अधिक बच्चे हैं। सभी बीमार लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बाबत सिविल सर्जन डॉ एमपी सिंह ने बताया कि गुरुवार की रात बनाया गाया प्रसाद लोगों ने लगभग 14 घंटे बाद शुक्रवार को खाया था। इसी से लोगों ने फूड प्वायजनिंग हो गया। सभी बीमार लोगों की हालत खतरे से बाहर हैं। डाक्टरों की विशेष टीम बीमार लोगों का इलाज कर रही है। सभी बीमार सभी हुसैनाबाद गांव के मुशहरी टोला के हैं।
पीडि़त परिवार की महिला असरफी देवी ने बताया कि गरुवार की रात हुसैनाबाद गांव के मुसहरी टोला में महेश मांझी के घर सत्यनारायण स्वामी की पूजा थी। इसी में वहां शीतल प्रसाद बनाया गया था। रात में बनाया गया प्रसाद शुक्रवार को दिन में टोले में वितरित किया गया। प्रसाद खाने के बाद बच्चों में पेट दर्द तथा उल्टी के साथ दस्त की शिकायत होने लगी।
सिविल सर्जन ने बताया कि कुछ बीमार लोग शुक्रवार की सुबह ही सदर अस्पताल आये थे। जिन्हें इलाज कराकर वापस भेज दिया गया। बाद में दोपहर के समय अचानक लगभग तीन दर्जन बीमार लोग सदर अस्पताल पहुंचे गए। बीमार लोगों ने बताया कि दोपहर में अचानक अधिक लोगों की तबियत खराब होने पर सभी गाड़ी से सदर अस्पताल लाया गया।