आपदा पीड़ित हर व्यक्ति को मिलेगी सरकारी मदद-मंत्री
राज्य के शिक्षा मंत्री तथा शेखपुरा जिला के प्रभारी विजय कुमार चौधरी ने कहा है आपदा से पीड़ित हर व्यक्ति को सरकारी मदद मिलेगी। इसके लिए पीड़ितों की त्रुटि रहित सूची बनाने का निर्देश डीएम को दिया है। बुधवार को जिला में आपदा की समीक्षा बैठक करने के बाद प्रेस वार्ता में चौधरी ने यह बात कही।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा:
राज्य के शिक्षा मंत्री तथा शेखपुरा जिला के प्रभारी विजय कुमार चौधरी ने कहा है आपदा से पीड़ित हर व्यक्ति को सरकारी मदद मिलेगी। इसके लिए पीड़ितों की त्रुटि रहित सूची बनाने का निर्देश डीएम को दिया है। बुधवार को जिला में आपदा की समीक्षा बैठक करने के बाद प्रेस वार्ता में चौधरी ने यह बात कही। मंत्री ने इसके पहले समीक्षा बैठक में शामिल विधायकों तथा सांसद प्रतिनिधि से भी अपील की कि वे आपदा से पीड़ित लोगों की सूची बनाने में जिला प्रशासन की मदद करें। बैठक में जिला के दोनों विधायक सुदर्शन कुमार(बरबीघा) तथा विजय कुमार (शेखपुरा) के साथ सांसद चिराग पासवान के प्रतिनिधि के रूप में इमाम गजाली भी शामिल हुए।
बैठक में डीएम इनायत खान,एसपी कार्तिकेय के शर्मा,डीडीसी,कृषि पदाधिकारी,आपदा के प्रभारी पदाधिकारी भी शामिल हुए। समीक्षा बैठक लगभग 2 घंटे चली। बाद में मंत्री ने पत्रकारों को आधिकारिक जानकारी दी। मंत्री ने कहा इस बार सरकार ने आपदा की दोनों श्रेणियों से पीड़ित किसानों को सहायता देने के निर्णय लिया है। इसमें बाढ़ और जल जमाव से बर्बाद हुई फसलों के बदले सहायता के साथ-साथ खेतों में पानी जमा होने से बुआई और रोपाई नहीं होने से किसानों को हुए नुकसान के बदले भी सहायता दी जा रही है। यह पहली बार हुआ है। सरकार ने बाढ़ के साथ अतिवृष्टि को भी आपदा माना है। इस बार बाढ़ के साथ अतिवृष्टि की वजह से आपदा की विभीषिका पहले से अधिक है। मंत्री ने कहा अधिकारियों को पीड़ितों की साफ-सुथरी सूची बनाने का निर्देश दिया गया है। इसमें वाजिब लोगों का नाम छूटे नहीं और गलत लोगों का नाम शामिल नहीं हो सके।