Bihar Crime: शेखपुरा में बाइक सवार बदमाशों ने कारोबारी पर की अंधाधुंध फायरिंग, 11 पर FIR दर्ज
Bihar Crime घायल दानी यादव ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने उनकी हत्या की नीयत से उन पर गोलियां बरसाईं। नामजद आरोपियों में कारे और मटोखर के लोग शामिल हैं। घटना के पीछे कारे गांव में चल रहे वर्चस्व का पुराना विवाद बताया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, शेखपुरा: वर्चस्व की लड़ाई और पुरानी रंजिश अक्सर जुर्म की वजह बनती है। ऐसे ही एक मामला शेखपुरा से सामने आया है। मंगलवार को तड़के साढ़े चार बजे शेखपुरा थाना क्षेत्र के कारे गांव निवासी दानी यादव (40) पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग की।
बाल-बाल बचे
इस घटना में वो बाल-बाल बच गए और गोली उन्हें छूते हुए निकल गई। इस घटना में दानी यादव घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेखपुरा थाने के एसएचओ विनोद राम ने बताया कि यह घटना जिले के मेहुस थाना क्षेत्र के कॉलेज चौक के पास हुई है।
घायल के बयान के आधार पर ग्यारह नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं, एक गोली पीड़ित की कनपटी को छूती हुई निकल गई जिससे वो घायल हो गया।
घायल दानी यादव ने बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने उनकी हत्या की नीयत से एक दर्जन से ज्यादा फायरिंग की। नामजद किये गए आरोपितों में कारे और मटोखर के लोग शामिल हैं। दानी यादव एक कारोबारी हैं और वो ट्रक और स्कार्पियो परिचालन के कारोबार से जुड़े हैं।
गंगा स्नान के लिए जा रहा था पीड़ित
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को तड़के दानी अपनी स्कार्पियो से कुछ लोगों के साथ गंगा स्नान करने बेगूसराय के सिमरिया जा रहे थे। शेखपुरा से आगे निकलने पर मेहुस चौक पर दानी बाथरूम के लिए गाड़ी से बाहर निकले तभी बाइक पर सवार बदमाशों ने दानी यादव पर फायरिंग करनी शुरू कर दी।
पुराना विवाद बना वजह
इस हमले से सहमे पीड़ित दानी यादव भागने लगे तो बदमाश उन्हें निशाना बनाकर फायरिंग करते रहे। इसी में एक गोली दानी की बायीं कनपटी को छूती हुई निकल गई। घटना के पीछे कारे गांव में चल रहे वर्चस्व का पुराना विवाद बताया जा रहा है।