शेखपुरा नगर में चलाया गया अतिक्रमण हटाओ अभियान
शेखपुरा। बुधवार को शेखपुरा नगर परिषद के द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान में सख्ती दिखाई दी।
-अतिक्रमण हटाओ अभियान के दूसरे दिन रहता है वही हाल
-स्थायी समाधान के लिए नप को जिला प्रशासन करेगा मदद
शेखपुरा। बुधवार को शेखपुरा नगर परिषद के द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। अतिक्रमण हटाओ अभियान में सख्ती दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने शहर को जाम से छुटकारा दिलाने का ऐलान किया है। उसका असर भी दिखाई देने लगा और अतिक्रमण हटाओ अभियान में दुकानदारों को कड़ी चेतावनी भी दी गई। सामान को भी जब्त कर लिए गए। सड़क के किनारे लावारिस अवस्था में रखे गए बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में हड़कंप है। हालांकि यह कितना कारगर होगा यह आने वाले कुछ दिनों में ही पता लग सकेगा।
अतिक्रमण हटाओ अभियान में नगर के कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश दयाल लाल एवं नगर परिषद कि सभापति कुमकुम भारती भी शामिल रही। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान शहर के सबसे व्यस्ततम चौराहा चांदनी चौक से शुरू होकर पटेल चौक तक चलाया गया। इस अवसर पर कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा और जिलाधिकारी इनायत खान के द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने और जाम से छुटकारा दिलाने का टास्क नगर परिषद को दिया गया है। इसी को लेकर नगर परिषद द्वारा लगातार अतिक्रमण हटाने का काम जारी रखा जाएगा। बताना जरूरी है कि नगर परिषद के द्वारा कभी-कभी अतिक्रमण हटाने की खानापूर्ति भी की जाती रही है। बाद में फिर ढाक के तीन पात ही नजर आते हैं। उधर इस बार अतिक्रमण हटाने को लेकर क्या स्थिति होती है यह कुछ दिन बाद ही पता लग सकेगा।