नगर निकाय चुनाव की तैयारी के लिए बैठक
वार्डों में आरक्षण का काम पूरा, अंतिम निर्णय पटना से
जागरण संवाददाता शेखपुरा
नगर निकाय चुनाव की तैयारी को लेकर जिला पदाधिकारी ने अपने मातहत पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिले के चारों नगर निकायों के निर्वाची पदाधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में चुनाव को लेकर चल रही प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रशासनिक तैयारी में मतदाता सूची की तैयारी, मतदान केंद्रों का निर्धारण, वार्डों का आरक्षण तथा कोषांगों के गठन पर विचार-विमर्श हुआ। जिला पदाधिकारियों ने तैयारियों से संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्य समय सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। बताना जरूरी है कि जिले में चार नगर निकायों का चुनाव होना है। इसमें पहले के शेखपुरा और बरबीघा नगर परिषद का क्षेत्र विस्तार किया गया है, जबकि चेवाड़ा और शेखोपुरसराय को नया नगर निकाय का दर्जा देकर दोनों को नगर पंचायत बनाया गया है। आधिकारिक सूत्र ने बताया कि शेखोपुरसराय नगर पंचायत में वार्डों के गठन, मतदान केंद्रों का निर्धारण तथा मतदाता सूची तैयार करने का काम पहले ही हो चुका है। शेखपुरा, बरबीघा तथा चेवाड़ा में मतदान केंद्रों का प्रारूप तैयार करके मतदाता सूची का काम पूरा कर लिया गया है। चार सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। वार्डों के आरक्षण का काम निचले स्तर पर पूरा कर लिया गया है। अगले 24 से 36 घंटे के भीतर वार्डों की आरक्षण सूची जिला पदाधिकारी से अनुमोदित होकर राज्य मुख्यालय भेज दी जाएगी। आरक्षण रोस्टर को अंतिम स्वीकृति राज्य मुख्यालय से मिलेगी। इधर जिला में नगर निकायों के मुख्य पार्षद और उपमुख्य पार्षद के आरक्षण को लेकर अटकलों का बाजार एक सप्ताह से गरम है।